हरियाणा की राजनीति में एक बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। दरअसल बीजेपी सांसद रेखा शर्मा के बयान के बाद अलग-अलग जिलों में विरोध बढ़ता जा रहा है। वहीं अब मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच चुका है। सांसद रेखा शर्मा के बयान के बाद हरियाणा के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। समर्थकों ने भिवानी, गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकूला समेत 16 जिलों में पुलिस को शिकायतें सौंपी हैं।
दरअसल प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। वहीं इस विवाद ने न सिर्फ राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है बल्कि सामाजिक स्तर पर भी इसे गंभीर मुद्दा बना दिया है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
बता दें कि 24 अप्रैल को पंचकूला में एक जनसभा के दौरान सांसद रेखा शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल और उनके परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने चुनाव जीतने को लेकर ‘बदमाशी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था जिसके बाद यह बयान तेजी से वायरल हो गया। इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक प्रतिक्रिया शुरू हो गई। चंद्रमोहन बिश्नोई ने इसे गंभीर बताते हुए लीगल नोटिस भेजा। वहीं भाजपा ने इस बयान से दूरी बनाते हुए इसे व्यक्तिगत राय बताया है।
भाजपा ने पूरे मामले से पल्ला झाड़ा
वहीं इस मामले में आज हिसार के बिश्नोई मंदिर में सर्वसमाज की बैठक बुलाई गई है जिसमें इस मुद्दे पर अगली रणनीति तय की जाएगी। कुलदीप बिश्नोई के समर्थक साफ कर चुके हैं कि वे FIR दर्ज होने तक पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि विवादित बयान के बाद भाजपा ने पूरे मामले से पल्ला झाड़ लिया है। दरअसल कैथल के एक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “यह रेखा शर्मा की व्यक्तिगत सोच है पार्टी की नहीं। वहीं दूसरी ओर भजनलाल के छोटे बेटे और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने भी अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि “हम समंदर हैं हमें खामोश रहने दो, जरा मचल गए, तो शहर ले डूबेंगे।






