
नर्मदापुरम, डेस्क रिपोर्ट। महाराष्ट्र की एक यूट्यूब स्टार (Youtube Star) अपने पिता की डांट के बाद घर से भागकर लखनऊ जा रही थी। सूचना मिलने पर इटारसी पुलिस (Itarsi Police) ने उसे स्टेशन पर उतारा। पिता ने यूट्यूब पर वीडियो अपलोड कर बेटी को तलाशने में मदद की मांग की थी। सूचना मिलते ही औरंगाबाद पुलिस और जीआरपी ने युवती की तलाश शुरू कर दी थी।
17 साल की ये यूट्यूब स्टार कुशीनगर एक्सप्रेस में बैठी हुई थी। जीआरपी पुलिस ने सूचना लगते ही उसे इटारसी में ट्रेन से उतारा और औरंगाबाद पुलिस और परिजनों को सूचना दी। देर रात परिजन इटारसी पहुंचे और अपने साथ बेटी को लेकर गए। इस लड़की को यूट्यूब पर 45 लाख लोग फॉलो करते हैं।
जानकारी के मुताबिक किसी बात पर पिता ने बेटी को डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर वह अपने गृह नगर लखनऊ जा रही थी। परिवार मूल रूप से यूपी के लखनऊ का है लेकिन फिलहाल महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रहता है। शिकायत मिलते ही महाराष्ट्र पुलिस ने सर्चिंग शुरू कर दी थी और युवती को सही सलामत ट्रेन से उतार लिया गया।
Must Read- Brahmastra में Shahrukh Khan के कैमियो ने मचाया धमाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो
पुलिस ने बताया है कि औरंगाबाद से यह सूचना मिली थी कि 17 साल की एक यूट्यूब स्टार लापता हो गई है और शायद कुशीनगर एक्सप्रेस में सवार हुई है। इसी आधार पर कुशीनगर एक्सप्रेस को इटारसी में रोक कर सर्चिंग की गई, तो युवती स्लीपर कोच में बैठी थी। इसके बाद चाइल्डलाइन की मदद से युवती को थाने लाया गया और परिजनों को सूचना देकर उनके हवाले किया गया।
मामले में किशोरी ने बताया कि पापा से नाराज होकर मैं यूपी की ट्रेन में बैठ गई थी क्योंकि वहीं हमारा होमटाउन है। मैं अपना फोन लाना भूल गई थी इसलिए कोई भी संपर्क नहीं कर पाया। बता दें कि इस लड़की को 45 लाख लोग यूट्यूब पर फॉलो करते हैं और इसका चैनल इतना चर्चित है कि उसे ज्वाइन करने के लिए अलग-अलग कैटेगरी में चार्ज देना पड़ता है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

