संदिग्ध हालात में स्कूल की तीसरी मंजिल से गिरे श्रमिक युवक युवती, युवती की मौत

Engineer's-body-hanging-over-22-hours-in-cement-factory-in-rewa

इटारसी, राहुल अग्रवाल। सनखेड़ा नाका स्थित प्रज्ञान स्कूल की तीसरी मंजिल से श्रमिक युवक-युवती संदिग्ध हालत में नीचे गिर गए। इस घटना में युवती की मौके पर ही मौत हो गई जबकि युवक को गंभीर हालत में पहले सिविल अस्पताल इटारसी भेजा गया। वहां से उसकी हालत देखते हुए जिला अस्पताल होशंगाबाद रैफर किया गया है। मृतक युवती की पहचान सलिता शेलुकर (30 वर्ष) निवासी खोकरा बैतूल के रूप में हुई है। घायल युवक जितेन्द्र  युवती का रिश्तेदार बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक करीब बीस दिन पहले दोनों स्कूल में मजदूरी करने आए थे। दशहरे के कारण दो दिनों से वहां काम बंद था और ये लोग स्कूल परिसर में ही दो अन्य लोगों के साथ ठहरे हुए थे।

मंगलवार सुबह दोनों को स्कूल भवन के पास अन्य मजदूरों ने घायल अवस्था में पड़े देखा। घायल जितेन्द्र ने कहा कि युवती सोमवार शाम छत से गिरी जिसे देखकर वो बेहोश हो गया, लेकिन बाद उसने कहा कि घबराकर वो भी दूसरी मंजिल से कूद गया। पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया है और रिपोर्ट से मौत की सही वजह सामने आएगी। ठेकेदार धनराज चौरे के मुताबिक 20 दिन पहले बैतूल जिले के चार मजदूर काम करने आए थे। दो दिनों से काम बंद था, सुबह एक कर्मचारी ने आकर देखा कि जितेन्द्र और सलिता बेहोश पड़े हैं। ठेकेदार ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद पुलिस स्कूल पहुंची। जितेन्द्र के मुताबिक सलिता उसके भाई दिनेश काजले की साली है, जो साथ में काम करने आई थी। युवती की लाश संदिग्ध हालत में मिली है। उसके पेट पर भी चोट के निशान हैं। आशंका है कि युवक युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों के गिरने की वजह संदिग्ध लग रही है। ये दोनों आत्महत्या की नीयत से कूदे थे या कोई हादसा हुआ या किसी विवाद के बाद दोनों छत से कूदे हैं, यह बात पुलिस जांच के बाद ही साफ होगी। युवती के परिजनों से भी पुलिस ने संपर्क किया है।

इनका कहना है

युवती की मौत हो गई है, अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद कुछ स्पष्ट होगा। युवक भी घायल है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
कुछ ठीक होने पर युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे। फिलहाल नहीं कहा जा सकता है कि यह आत्महत्या है या हादसा।
रामस्नेह चौहान टीआई इटारसी

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews