
तेजी से बढ़ते डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन निवेश योजनाओं के बीच साइबर ठगों ने इंदौर के एक कारोबारी को निशाना बना लिया। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित को अज्ञात नंबर से एक युवती का फोन आया। उसने अपना नाम नीना शर्मा बताया और एक निवेश कंपनी की वेबसाइट के जरिए पैसे लगाने पर दुगुना-तिगुना मुनाफा देने का झांसा दिया। इस दौरान युवती ने यह भरोसा भी दिलाया कि रकम सीधे वेबसाइट से निकाली जा सकेगी।
शुरुआत में शक होने पर पीड़ित ने छोटी राशि निवेश की। वेबसाइट पर अमाउंट बढ़ा हुआ दिखा और खास बात यह रही कि उन्होंने पहली बार में पैसा निकाल भी लिया। इससे उनका विश्वास बढ़ गया।
ऐसे हुआ विश्वास
धीरे-धीरे लगातार निवेश करते हुए उन्होंने करीब 11 लाख 65 हजार रुपए जमा कर दिए, लेकिन जब उन्होंने बड़ी रकम निकालने की कोशिश की तो वेबसाइट ने कोई लेन-देन स्वीकार नहीं किया। इसी बीच युवती का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। तब उन्हें अहसास हुआ कि यह पूरा खेल धोखाधड़ी का था। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
सक्रिय हुई टीम
इधर, मामला सामने आते ही क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई और जिन बैंक खातों के माध्यम से रकम ट्रांजैक्ट हुई थी, उन्हें तुरंत फ्रीज कराया गया। त्वरित कार्रवाई के चलते अब तक पीड़ित को पूरे 11.65 लाख रुपए वापस मिल चुके हैं और बाकी राशि की रिकवरी की प्रक्रिया जारी है।
लोगों से की गई अपील
क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि इस तरह के ऑनलाइन निवेश फ्रॉड लगातार सामने आ रहे हैं। लोग लुभावने ऑफर और ऊंचे मुनाफे के लालच में आकर अपनी मेहनत की कमाई गंवा देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या वेबसाइट पर भरोसा न करें। यदि निवेश करना है तो केवल अधिकृत और प्रमाणित पोर्टल पर ही करें और उसकी पूरी तरह से जांच-परख करने के बाद ही आगे बढ़ें।
[dgv_vimeo_video id=”1114635844″]
इंदौर, शकील अंसारी
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

