
इंदौर पुलिस ने दीपावली के त्योहार में लोगों की खुशियों में चार चांद लगा दिये हैं। शुक्रवार को जोन-03 पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुये 58 लाख रुपये से अधिक की कीमत के 168 गुम हुये मोबाइल फोन पर बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे। अपने गुम मोबाइल पाकर लोगों की चेहरे खिल उठे।
बता दें कि साइबर सेल की तकनीकी सहायता और आधुनिक तकनीक के जरिए मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से इन मोबाइल फोन को तलाशा गया। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने इंदौर पुलिस की तत्परता और सराहनीय पहल के लिए आभार जताया।
विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम मोबाइल तलाशने का अभियान
बता दें कि शहर में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त जोन-3 अभिषेक रंजन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-3 ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत जोन-3 के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुये मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई।
कई कंपनियों के 168 मोबाइल बरामद
जानकारी अनुसार, जोन-03 के सभी पुलिस थानों एवं एसीपी सर्किल की साइबर सेल टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल की लोकेशन एवं अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर गुम मोबाइल फोन की तलाश की गई। पुलिस टीमों ने राज्य के विभिन्न जिलों के साथ ही प्रदेश के बाहर भी जाकर मोबाइल फोन की तलाश के प्रयास किये। इस कार्रवाई में सैमसंग, वीवो, ओप्पो सहित विभिन्न कंपनियों के कुल 168 गुम मोबाइल फोन बरामद किये गये। जिनकी अनुमानित कुल कीमत 58 लाख 2 हजार रुपये है।
168 मोबाइल फोन वास्तविक मालिकों को सौंपे
इसी क्रम में शुक्रवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त जोन-03 अभिषेक रंजन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-03 ओमप्रकाश की उपस्थिति में बरामद किये सभी 168 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गये। लंबे समय से अपने गुम हुये मोबाइल फोन मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला। दीपावली पर्व के अवसर पर मोबाइल फोन वापस मिलने से नागरिकों की खुशियां दोगुनी हो गईं। इस सराहनीय पहल के लिये सभी ने इंदौर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट
7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.
