इंदौर में 4 और 5 सितंबर को जन्माष्टमी और गोगा नवमी के मौके पर राजबाड़ा क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। दरअसल ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर रोक लगाई है। इसके साथ ही अलग-अलग इलाकों से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं।
दरअसल 4 सितंबर को बांके बिहारी मंदिर, गोपाल मंदिर, यशोदा माता मंदिर, नरसिंह बाजार स्थित द्वारकाधीश मंदिर, गोराकुंड चौराहा स्थित जानकीनाथ मंदिर और छीपाबाकल में होने वाले आयोजनों के कारण बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। वहीं 5 सितंबर को गोगा नवमी के दौरान भी राजबाड़ा और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
किन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध?
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बांके बिहारी मंदिर से गोपाल मंदिर, इमामबाड़ा, सराफा, विजय चाट चौराहा होते हुए यशोदा माता मंदिर तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। फ्रूट मार्केट चौराहे से राजबाड़ा की ओर शाम 5 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वहीं एमजी रोड और मृगनयनी की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन फ्रूट मार्केट पार्किंग में खड़े कर पैदल मंदिर तक जा सकेंगे। इसके साथ ही हरसिद्धि और मच्छी बाजार की ओर से आने वाले वाहन यशवंत रोड चौराहे से राजबाड़ा नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन यशवंत रोड, आड़ा बाजार और नंदलालपुरा होकर आगे जाएंगे।
श्रद्धालु बाजाज खाना पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे
बता दें कि बड़ा गणपति चौराहे से टोरी कॉर्नर और गोराकुंड होते हुए राजबाड़ा जाने वाले वाहन मल्हारगंज थाने के सामने से आगे नहीं जा सकेंगे। इन्हें छीपाबाकल और बड़वाली चौकी के रास्ते भेजा जाएगा। मंदिर दर्शन के लिए आने वाले लोग सुभाष चौक पार्किंग का उपयोग कर सकेंगे। रामलक्ष्मण बर्तन बाजार चौराहे से यशोदा माता मंदिर तक भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस मार्ग से आने वाले श्रद्धालु बाजाज खाना पार्किंग में वाहन खड़ा कर दर्शन के लिए जा सकेंगे। वहीं नरसिंह बाजार चौराहे से द्वारकाधीश मंदिर की ओर भी शाम 5 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
बसों के रूट में भी बदलाव रहेगा
दरअसल जन्माष्टमी और गोगा नवमी के दौरान सिटी बसों के रूट में भी बदलाव रहेगा। मृगनयनी और फ्रूट मार्केट से राजबाड़ा आने वाली बसें शाम 5 बजे के बाद राजबाड़ा नहीं जाएंगी और उनका संचालन संजय सेतु की ओर से किया जाएगा। इसी तरह कलेक्ट्रेट और हरसिद्धि की ओर से आने वाली बसें हरसिद्धि मंदिर चौराहे से आगे नहीं जाएंगी। बड़ा गणपति से एमजी रोड होते हुए राजबाड़ा जाने वाले वाहन चालकों को सुभाष मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए कलेक्ट्रेट-महू नाका-गंगवाल मार्ग और विजयनगर-सुपर कॉरिडोर-बिजासन मार्ग वैकल्पिक रास्ते के रूप में तय किए गए हैं।






