राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में होगा PBD Indore का समापन, पुरस्कार वितरित करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में होगा PBD Indore का समापन, पुरस्कार वितरित करेंगी

PBD Indore Closing : इंदौर में आयोजित तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन (PBD Indore) का समापन कल मंगलवार 10 जनवरी को होगा, कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) विशेष रूप से मौजूद रहेंगी, वे सम्मेलन के समापन मौके पर प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार-2023 प्रदान करेंगी। यह पुरस्कार, विदेश में भारत के बारे में बेहतर समन्वय बनाने, भारत की उपलब्धियों का समर्थन करने और भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए काम करने वाले प्रवासी भारतीय और उनके द्वारा संचालित संगठन और संस्था को दिये जाते हैं।

11:20 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार 10 जनवरी को नई दिल्ली से सुबह 9:55 बजे वायु मार्ग से रवाना होकर सुबह 11:20 बजे इंदौर पहुंचेंगी। राष्ट्रपति दोपहर 2:30 बजे सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चन्द्रिका प्रसाद संतोखी और दोपहर 2:55 बजे गुयाना गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली से भेंट करेंगी।

समारोह में विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री सिंधिया भी होंगे शामिल

PBD के मुख्य समारोह में केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर स्वागत उद्बोधन देंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रपति के साथ वर्ष 2021 और वर्ष 2023 में प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्राप्त प्रवासी भारतीयों का समूह छायाचित्र लिया जाएगा।

कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार विमर्श होंगे

सम्मेलन के प्रथम सत्र में केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की अध्यक्षता में “भारतीय कार्य-बल की वैश्विक गतिशीलता को सक्षम बनाना- भारतीय डायस्पोरा की भूमिका” विषय पर सत्र होगा। एक अन्य सत्र में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में “राष्ट्र निर्माण के लिये एक समावेशी दृष्टिकोण की दिशा में प्रवासी महिला उद्यमियों की क्षमता का उपयोग करना” विषय पर विस्तृत चर्चा होगी।

राष्ट्रपति के लिए राज्यपाल ने किया है भोज का आयोजन

इस मौके पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा भोज का आयोजन किया गया है। दोपहर भोज बाद राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन (Pravasi Bhartiya Divas Sammelan) में पहुँचेंगी। केंद्रीय  विदेश राज्य मंत्री डॉ. श्री वी. मुरलीधरन के धन्यवाद प्रस्ताव के साथ 17वें पीबीडी सम्मेलन का समापन होगा। कार्यक्रम समापन के बाद राष्ट्रपति शाम 5:15 बजे इंदौर से वायु मार्ग से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews