बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन के इन पदों पर निकली भर्ती, 10वीं पास भी कर सकते हैं इसके लिए आवेदन, पढ़ें खबर

सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। सीमा सड़क संगठन (BRO) ने 450 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन बुलाए हैं। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवार नीचे दी गई जानकारी के अनुसार आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन के इन पदों पर निकली भर्ती, 10वीं पास भी कर सकते हैं इसके लिए आवेदन, पढ़ें खबर

रक्षा मंत्रालय के तहत काम करने वाले सीमा सड़क संगठन (BRO) ने विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी दे दें कि इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू हो चुकी है, हालांकि अंतिम तारीख का ऐलान अभी तक नहीं हुआ है। ऐसे में उम्मीदवारों को सुझाव दिया जाता है कि वे BRO की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से कुल 466 पद भरे जाएंगे, जिनकी जानकारी निम्नलिखित है:

ड्राफ्ट्समैन: 16 पद
टर्नर: 10 पद
ड्राइवर रोड रोलर: 2 पद
मैकेनिस्ट: 1 पद
सुपरवाइजर: 2 पद
ड्राइवर मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट: 417 पद
ऑपरेटर एक्सकेवेटिंग मशीनरी: 18 पद

इसके लिए क्या चाहिए योग्यता?

दरअसल इन पदों के लिए आवश्यक शैक्षिक योग्यता पद के अनुसार भिन्न-भिन्न है। बता दें कि आमतौर पर, मान्यता प्राप्त संस्थान से 10वीं या 12वीं कक्षा पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, ड्राफ्ट्समैन पद के लिए 10वीं पास और संबंधित क्षेत्र में डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवार पात्र होंगे। इसके साथ ही उम्र सीमा 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसी प्रकार, सुपरवाइजर पद के लिए भी 10वीं पास और इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक उम्मीदवार योग्य माने जाएंगे।

जानकारी के अनुसार अन्य पदों के लिए भी शैक्षिक योग्यता और अनुभव संबंधित पदों की आवश्यकताओं के अनुसार निर्धारित किया गया है। विशेष रूप से, ड्राइवर मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट और ड्राइवर रोड रोलर पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास हेवी मोटर व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य है।

यहां जानें चयन प्रक्रिया:

दरअसल इन पदों के चयन के लिए प्रक्रिया में कई चरण शामिल हैं। प्रारंभिक चरण में एक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, इसके बाद पीएसटी/पीईटी टेस्ट लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, संबंधित पद के आधार पर ट्रेड टेस्ट या स्किल टेस्ट भी आयोजित किए जा सकते हैं। अंततः, दस्तावेज़ सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा के बाद ही उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।

आवेदन की प्रक्रिया:

इच्छुक उम्मीदवार सीमा सड़क संगठन (BRO) की आधिकारिक वेबसाइट bro.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वेबसाइट पर आपको आवेदन की प्रक्रिया, पदों की जानकारी और अन्य महत्वपूर्ण विवरण मिल जाएंगे। कृपया ध्यान दें कि इन पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन के पात्र हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews