
उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने आरआरबी एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट लेवल स्टेज-1 परीक्षा (RRB NTPC UG 2025) के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। इसे ऑफिशियल वेबसाइट rrbbhopal.gov.in पर जाकर इसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन नंबर या यूजर आईडी, पासवर्ड और जन्म तिथि दर्ज करने की जरूरत पड़ेगी। प्रवेश पत्र में नाम, पिता का नाम, रोल नंबर, एग्जाम सेंटर व कोड, परीक्षा केंद्र का नाम, शिफ्ट का समय, रिपोर्टिंग टाइम, परीक्षा की तिथि और महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होती है।
परीक्षा 7 अगस्त से लेकर 9 सितंबर के बीच तीन शिफ्टों में ऑनलाइन यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट मोड में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से लेकर 10:30 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:45 बजे से लेकर 2:15 बजे तक और तीसरी शिफ्ट शाम 4:30 बजे से लेकर शाम 6:00 बजे तक चलने वाली है।
ऑफिशियल नोटिफिकेशन के मुताबिक परीक्षा से 4 दिन पहले हॉल टिकट उपलब्ध होंगे। इसलिए अपडेट के लिए उम्मीदवारों को नियमित तौर पर आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहने की सलाह दी जाती है।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
- सबसे पहले आरआरबी के ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएँ।
- होमपेज पर CEN 06/2024 एनटीपीसी यूजी सीबीटी-1 हॉल टिकट के लिंक पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलेगा। यहां पंजीकरण संख्या और पासवर्ड दर्ज करें।
- लॉग इन करते ही स्क्रीन पर प्रवेश पत्र नजर आएगा। इसमें दी गई जानकारी को सत्यापित करें और डाउनलोड करें।
- भविष्य के संदर्भ में उम्मीदवार एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट निकाल कर अपने पास जरूर रख लें।
आरआरबी एनटीपीसी यूजी एडमिट कार्ड के लिए लिंक
परीक्षा पैटर्न जान लें
आरबी एनटीपीसी सीबीटी 1 में कुल 100 बहुविकल्पी प्रश्न शामिल होंगे:- जनरल अवेयरनेस के 40, गणित के 30 और जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग के 30 प्रश्न। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। इसकी अवधि 90 मिनट होगी। पीडब्ल्यूडी कैटेगरी के उम्मीदवारों को 30 मिनट अधिक समय दिया जाएगा। गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। परीक्षा इस साल 15 भाषाओं में आयोजित होने वाली है।

