मध्य प्रदेश की सीमाओं पर ड्राइवरों के उत्पीड़न और उनपर हमलों को लेकर AITWA ने लिखा नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र

AITWA ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र में ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। AITWA ने अपने पत्र में 17 जनवरी की एक घटना का हवाला देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मध्य प्रदेश की सीमाओं पर ड्राइवरों के उत्पीड़न और उनपर हमलों को लेकर AITWA ने लिखा नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र

अखिल भारतीय ट्रांसपोर्टर वेलफेयर एसोसिएशन (AITWA) ने मध्य प्रदेश की सीमाओं पर ट्रक ड्राइवरों के साथ हो रहे उत्पीड़न और हमलों को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में संगठन ने इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन ने इन घटनाओं को ट्रांसपोर्ट उद्योग की गरिमा और सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया है।

दरअसल इस पत्र में संगठन ने 17 जनवरी 2025 की एक घटना का उदाहरण देते हुए बताया कि सुबह 6:00 बजे पुणे से नेपाल जा रहा एक ट्रक मध्य प्रदेश के हनुमान युवा चेक पोस्ट से गुजर रहा था। इसी दौरान आरटीओ कर्मचारियों ने ट्रक को रोक लिया और अवैध प्रवेश शुल्क की मांग की। जब चालक ने शुल्क देने से इनकार कर दिया, तो कर्मचारियों ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया, जिससे चालक को गंभीर चोटें आईं।

ट्रक ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

दरअसल, इस पत्र में घटना की पूरी जानकारी देते हुए AITWA ने बताया कि इस मामले में घबराए चालक ने हनुमना पुलिस स्टेशन जाकर उप निरीक्षक इन्द्रेश से मदद मांगी। लेकिन पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने और जांच करने की कोशिश के बावजूद आरटीओ कर्मचारियों ने कोई सहयोग नहीं किया। उन्होंने पुलिस के सामने ही ट्रक चालक को गालियां दीं और धमकाया। इसके बाद इस घटना से घबराए ट्रक चालक ने औपचारिक शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। AITWA ने इस घटना को ट्रक ड्राइवर की सुरक्षा और उद्योग के संचालन के लिए गंभीर खतरा बताया है।

AITWA ने निम्नलिखित मांगें रखी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे इस पत्र में AITWA ने कहा कि ऐसी हिंसक घटनाएं और अनुचित व्यवहार न केवल ड्राइवर के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि माल की आवाजाही और उद्योग की कार्य प्रणाली पर भी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। इस पत्र में AITWA ने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:

  • तत्काल घटना की जांच की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
  • ड्राइवरों के लिए सुरक्षा तंत्र और शिकायत निवारण प्रणाली बनानी चाहिए।
  • चेक पोस्टों पर अवैध गतिविधियों को रोकने और पारदर्शिता लाने के लिए सख्त निर्देश दिए जाने चाहिए।

AITWA ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस मामले में हस्तक्षेप करने और ड्राइवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews