भोपाल में संविदाकर्मियों का महासम्मेलन, CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान- ‘2023 की नीति लागू होगी, सभी मांगें पूरी करेंगे’, कहा ‘मैं दिल तोड़ने वाला नहीं हूं’

भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय संविदा अधिकारी-कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार संविदा नीति 2023 को हर हाल में लागू करेगी और कर्मचारियों की नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को भी पूरा किया जाएगा।
भोपाल में संविदाकर्मियों का महासम्मेलन, CM डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान- ‘2023 की नीति लागू होगी, सभी मांगें पूरी करेंगे’, कहा ‘मैं दिल तोड़ने वाला नहीं हूं’

भोपाल: राजधानी भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय संविदा अधिकारी-कर्मचारी महासम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हजारों संविदाकर्मियों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि सरकार उनकी सभी मांगों को पूरा करेगी और पूर्ववर्ती सरकार द्वारा घोषित संविदा नीति 2023 को हर हाल में लागू किया जाएगा।

संविदा संयुक्त संघर्ष मंच और संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले इस महासम्मेलन का आयोजन किया गया था। इसमें प्रदेश भर से आए संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन के आधार पर महंगाई भत्ता और संविदा नीति 2023 को पूरी तरह लागू करने जैसी प्रमुख मांगें रखीं।

‘आपकी मांगें जरूर पूरी होंगी’

महासम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार संविदाकर्मियों के हर हक के लिए साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी विभागों के प्रमुख सचिवों (PS) के साथ चर्चा के बाद इन मांगों को पूरा करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

“आपकी जो मांगें हैं उन्हें जरूर पूरा किया जाएगा। सभी विभागों के पीएस को आपकी मांगें बताएंगे उसके बाद मैं उन्हें पूरा करूंगा। 2023 की जो नीति है उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।” — डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

‘दिल तोड़ने वाला नहीं हूं’

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के काम की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छ भारत मिशन और ई-गवर्नेंस जैसे सभी विभागों में संविदाकर्मी बेहतरीन काम कर रहे हैं। उन्होंने भावनात्मक रूप से जुड़ते हुए कहा, “मैं आपका दिल तोड़ने वाला नहीं हूं। जितना हो सकता है, उससे ज्यादा देने का प्रयास किया जाएगा।”

सीएम यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले से शुरू किए गए लाभ सभी को मिलें, यह सुनिश्चित किया जाएगा और नीति में मौजूद विसंगतियों को भी दूर किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद सम्मेलन में मौजूद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews