ग्वालियर एयरपोर्ट पर लाड़ली बहनों ने CM मोहन यादव को बांधी राखी, घर नहीं जा सकीं CISF की दो महिलाकर्मियों की आंखें हुईं नम

मालनपुर जाते समय ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, लाड़ली बहनों ने राखी बांधकर दिया धन्यवाद पत्र; ड्यूटी के कारण घर नहीं जा पा रहीं CISF की अश्विनी और पूनम ने भी बांधा रक्षा सूत्र
ग्वालियर एयरपोर्ट पर लाड़ली बहनों ने CM मोहन यादव को बांधी राखी, घर नहीं जा सकीं CISF की दो महिलाकर्मियों की आंखें हुईं नम

भोपाल/ग्वालियर। रक्षाबंधन से पहले ग्वालियर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ट्रांजिट विजिट के दौरान भावुक तस्वीर देखने को मिली। लाड़ली बहनों ने सीएम की कलाई पर राखी बांधी और माथे पर तिलक लगाया। इस दौरान एयरपोर्ट पर तैनात CISF की दो महिलाकर्मियों ने भी मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा। दोनों इस बार रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पा रही हैं और राखी बांधने के बाद उनकी आंखें नम हो गईं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को भिंड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज की चौथी यूनिट का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इसी सिलसिले में उनकी ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर ट्रांजिट विजिट थी। यहां पहले से मौजूद लाड़ली बहनों ने उनका स्वागत किया और रक्षाबंधन से पहले राखी बांधी।

लाड़ली बहनों ने दिया धन्यवाद पत्र

लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधने के साथ धन्यवाद पत्र भी सौंपा। उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर लाड़ली बहना योजना के तहत अतिरिक्त राशि दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता केवल एक पर्व तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर के स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की प्रत्येक बहन उनके अपने परिवार का हिस्सा है और सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए काम करती रहेगी।

घर नहीं जा सकीं CISF की अश्विनी और पूनम ने सीएम को बांधी राखी

एयरपोर्ट पर सबसे भावुक पल उस समय आया, जब CISF में तैनात दो महिलाकर्मियों ने मुख्यमंत्री से राखी बंधवाने का आग्रह किया। इनमें महाराष्ट्र की रासकर अश्विनी और राजस्थान की पूनम यादव शामिल थीं।

दोनों महिलाकर्मी ड्यूटी के कारण इस बार रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा पा रही हैं। ऐसे में उन्होंने मुख्यमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। परिवार से दूर रहकर त्योहार मनाने की कसक इस दौरान दिखाई दी और राखी बांधने के बाद दोनों की आंखें नम हो गईं।

सीएम बोले- हर बहन के चेहरे पर हो मुस्कान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि प्रदेश की हर बहन के चेहरे पर मुस्कान हो, बेटियां सुरक्षित रहें, आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को पूरा करते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

रक्षाबंधन से ठीक पहले ग्वालियर एयरपोर्ट पर हुए इस छोटे से कार्यक्रम में एक तरफ लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर अपना स्नेह जताया, तो दूसरी तरफ त्योहार पर घर नहीं जा पा रहीं CISF की महिलाकर्मियों के लिए यह मौका भावुक पल बन गया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews