MP Weather: कोहरे की चपेट में कई शहर, आज भी 7 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट, 3 दिन बाद ठंड का अगला दौर

MP Weather Forecast: पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से मध्य प्रदेश में 3 दिन बाद फिर ठंड का अगला दौर देखने को मिलेगा। आज रविवार को 7 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है।
mp Weather

मध्य प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में अब भी ठंड का असर बरकरार है। रात के समय कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10-12 °C के आसपास दर्ज किया जा रहा है। शनिवार (10 जनवरी 2026) को सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.6 °C खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.1 °C खंडवा में दर्ज हुआ। खजुराहो (छतरपुर) व शिवपुरी जिलों में कोल्ड वेव और पृथ्वीपुर (निवाड़ी) व दतिया कोल्ड डे की स्थिति रही। ग्वालियर में मध्यम कोहरा छाया रहा।

ग्वालियर में 5.9 °C, भोपाल में 7.2 °C, इंदौर में 6.9 °C, उज्जैन में 9 °C और जबलपुर में 9.4 °C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। कोहरे के चलते दिल्ली से मध्य प्रदेश आने-जाने वाली मालवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, भोपाल एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस और जनशताब्दी समेत कई ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं और अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंच रही हैं।

रविवार-सोमवार को कैसा रहेगा मौसम का मिजाज

  • मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), भोपाल के मुताबिक, रविवार (11 जनवरी 2026) सुबह ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रायसेन, शाजापुर, देवास, सीहोर, गुना, अशोकनगर और विदिशा में हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहा।
  • आज दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, निवाड़ी और शहडोल में कोल्ड वेव और शहडोल में कोल्ड-डे का अनुमान है। राजधानी भोपाल में सुबह के समय हल्की धुंध रह सकती है। दिन का तापमान 26°C और रात का 7°C के आसपास रह सकता है।
  • सोमवार (12 जनवरी) को शिवपुरी, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, ग्वालियर, छतरपुर, भिंड, टीकमगढ़, दतिया में घने से हल्का कोहरा छाने का अनुमान है।

क्या कहता है मध्य प्रदेश मौसम विभाग का पूर्वानुमान

  • मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), भोपाल की ताजा दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर पाकिस्तान व निकटवर्ती पंजाब क्षेत्र के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है।
  • इसके अलावा हरियाणा के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 252 किमी/घंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इसके असर से दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से फिर रात के तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है।

MP Weather Forecast Report

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews