
Ratlam News: रतलाम में सरकारी स्कूल में बच्चों के साथ हुए व्यवहार का एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। शिक्षा के मंदिर में बच्चों से टॉयलेट साफ करवा कर उनके भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम किया जा रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूल मैनेजमेंट से जवाब मांगा है।
यह पूरा मामला रतलाम के पलसोड़ी गांव के एक शासकीय स्कूल का है। यहां प्यून मौजूद नहीं है और स्कूल के बच्चों से साफ-सफाई का काम करवाया जा रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, काफी दिनों से बच्चों के साथ यह सब चल रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद बच्चों के परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा आपत्ति दर्ज करवाई गई है।
[dgv_vimeo_video id=”776969718″]
स्कूली बच्चों का कहना है कि टीचर ने ही उन्हें टॉयलेट साफ करने को कहा था और हर कुछ दिनों में दो-तीन बच्चों से टॉयलेट साफ करवाई जाती है, जिसका इस्तेमाल स्कूल की टीचर ही करती है। घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें दो बच्चे अपनी पढ़ाई छोड़ कर हाथ में झाड़ू और पानी की बाल्टी लिए टॉयलेट साफ कर रहे हैं। गांव के ही एक व्यक्ति ने यह वीडियो बनाया है। इस व्यक्ति ने टीचर से पूछा कि बच्चे टॉयलेट साफ कर रहे हैं तो टीचर अजीब सा रिएक्शन देते हुए इनकार कर रही है। इस शख्स ने टीचर को यह भी कहा है कि मेरे पास वीडियो है जिसमें बच्चे सफाई कर रहे हैं और उनका कहना है कि टीचर ने ही उन्हें सफाई करने को कहा है और इस बाथरूम का इस्तेमाल भी वही करती हैं।
[dgv_vimeo_video id=”776972261″]
घटना सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। उनका कहना है कि बच्चों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है वह बिल्कुल भी ठीक नहीं है। टीचर का कहना है कि बच्चों को सिखा रहे थे तो इसके अलावा बहुत से ऐसे काम है जो बच्चों को सिखाए जा सकते हैं, सख्त एक्शन लिया जाएगा।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

