MP News : कमलनाथ ने कहा ‘जनता शिवराज को विदा करने के लिए तैयार,’ अधिकारियों को मंच से दी चेतावनी

MP News : कमलनाथ ने कहा ‘जनता शिवराज को विदा करने के लिए तैयार,’ अधिकारियों को मंच से दी चेतावनी

Kamal Nath accused Shivraj government of corruption : कमलनाथ ने कहा है कि मध्यप्रदेश की जनता अब शिवराज सिंह चौहान को विदा करने के लिए तैयार है। उज्जैन के महिदपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होने आरोप लगाया कि शिवराज सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और ये चौपट प्रदेश बन चुका है। यहां चौपट सरकार है और सारी व्यवस्थाएं चौपट है लेकिन अब उनकी विदाई का समय आ गया है। इसी के साथ उन्होने अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों को मंच से चेतावनी दी कि वो याद रखें कल के बाद परसो भी आता है।

कमलनाथ ने सीएम शिवराज को झूठ की मशीन घोषणा की मशीन करार दिया। उन्होने कहा कि ‘मुख्यमंत्री आजकल जेब में नारियल लेकर घूमते हैं। चुनाव में पांच महीने बचे हैं..जहां मौका मिला नारियल फोड़ लो। 18 साल में 22 हजार घोषणाएं की। मैंने कभी घोषणा नहीं की थी। मैंने कहा था मैं जो करूंगा जनता देख लेगी। मैं केवल एक चीज की घोषणा करूंगा कि आप और मैं मिलकर मध्यप्रदेश को सही पटरी पर लाएंगे। भारतीय जनता पार्टी के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन सिर्फ 4 महीने के लिए बचे हैं।’ इसी के साथ उन्होने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ‘मैं जानता हूं कि कौन अधिकारी पुलिस कर्मचारी यहां कितने दिन से काम कर रहे हैं..वे ये सुन लें कि कल के बाद परसों भी आता है।’ उन्होने कहा कि ‘पुलिसवाले अपनी वर्दी की इज्जत करें नहीं तो हम देखेंगे कि आपकी वर्दी कितने दिन चलते हैं। कमलनाथ की चक्की चलती है देर से लेकिन बहुत बारीक पीसती है।’ उन्होने कहा कि जनता इन अधिकारियों कर्मचारियों का सर्टिफिकेट देगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महाकाल कॉरीडोर में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली बीजेपी ने धर्म को भी नहीं छोड़ा। प्रदेश में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होने कहा कि ‘शिवराज सरकार ने प्रदेश को चौपट कर दिया है और अब उन्हें 18 साल बाद बहनें, किसान, नौजवान याद आ रहे हैं। वो हर आठ दस महीने में 1 लाख रोजगार देने की घोषणा करते हैं लेकिन प्रदेश में संविदा वाले कर्मचारी दर दर भटक रहे हैं और उनकी सुनवाई नहीं हो रही।’ इस मौके पर उन्होने कहा कि कांग्रेस घोषणा नहीं कर रही, हमने वचन दिया है कि हम 500 रूपये में गैस सिलेंडर देंगे, महिलाओं को हर महीने 1500 रूपये देंगे। फिर से किसानों के लिए कर्जमाफी होगी, 100 रूपये बिजली माफ 200 यूनिट हाफ। युवाओं को रोजगार देंगे और पिछड़े वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देंगे। कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद इस बार चुनाव सिर्फ उम्मीदवार का नहीं, इस बार चुनाव हमारी संस्कृति बचाने का है। बाबा साहब अंबेडकर ने जो संविधान बनाया है वो अगर गलत हाथों में चला जाए तो देश बर्बाद हो जाएगा। आज हमें आने वाली पीढ़ियों की रक्षा करनी है और तय करना है कि आप अपनी आने वाली पीढ़ियों को कैसा प्रदेश सौंपना चाहते हैं। उन्होने जनता से आह्वान किया कि प्रदेश की तस्वीर बदलने के लिए सच्चाई का साथ दें।

[dgv_vimeo_video id=”837493576″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews