31 जनवरी 2024 IMD मौसम अपडेट : अगले दो दिनों तक दिल्ली सहित कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फ़बारी की संभावना

IMD Weather Update

IMD Weather Update 31 January 2024 : कुछ राज्यों में धूप भले ही थोड़ी तेजी दिखाई दे रही हो लेकिन मौसम की ठंडक अभी बरक़रार है, कई राज्य अभी कोहरे की चपेट में हैं, पहाड़ी राज्यों में बर्फ़बारी हो रही है, मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक दिल्ली, पंजाब सहित कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में घना कोहरा

मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट के मुताबिक आज बुधवार 31 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर की सुबह घने कोहरे की चादर के साथ हुई, लोगों की जब आंख खुली तो उन्हें सिर्फ कोहरा दिखाई दे रहा था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई, सड़क पर निकले लोगों को वाहन चलाने में काफी परेशानी महसूस हुई। मौसम विभाग ने कहा कि मंगलवार को भी ऐसी ही स्थिति बनी थी।

ये राज्य भी रहेंगे घने कोहरे की चपेट में 

IMD ने मौसम का अपडेट देते हुए बताया कि देश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है, इस दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक 2 फरवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं ओडिशा, उत्तरी राजस्थान, गंगीय पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में आज और कल कोहरा छाया रहेगा।

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश का दौर

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में 4 फरवरी तक बारिश की संभावना है, मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान 31 जनवरी और 1 फरवरी को तेज बारिश संभावित है।

इन राज्यों में बर्फ़बारी की सम्भावना

उधर मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते अगले 5 दिनों के दौरान जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम वर्षा या फिर बर्फबारी होने की संभावना है इसके बाद इसमें कमी आएगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews