कांग्रेस की जीत के बाद बोले राहुल गांधी – कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ और मोहब्‍बत की दुकान खुली है

कांग्रेस की जीत के बाद बोले राहुल गांधी – कर्नाटक में नफरत का बाजार बंद हुआ और मोहब्‍बत की दुकान खुली है

Rahul Gandhi congratulated the people of Karnataka : कांग्रेस ने कर्नाटक में सरकार बनाने के जादुई आंकड़े से कहीं ज्यादा सीटें जीतकर ना सिर्फ राजनीतिक पंडितों को चौंका दिया है वहीं भाजपा को चिंता में डाल दिया है। कांग्रेस का चुनाव प्रचार स्थानीय मुद्दों से शुरू हुआ फिर भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी से होता हुआ बजरंग दल पर प्रतिबंध के वादे पर समाप्त हुआ। जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया और भाजपा की सरकार को बाहर कर दिया।

ताजा आंकड़ों के हिसाब से कांग्रेस 136 सीटें जीतकर (रुझान) सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है, इस जीत ने राहुल गांधी को जहाँ मजबूत कर उन्हें बड़ा नेता बना दिया है वहीं पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। पार्टी के नेता हिमाचल के बाद कर्नाटक की जीत मिलने से कहने लगे हैं कि अब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भी कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।

क्रोनी कैपिटिलिस्ट की ताकत को जनता की शक्ति ने हरा दिया 

कर्नाटक की जीत से उत्साहित राहुल गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कर्नाटक की जनता को बधाई दी, पार्टी कार्यकर्ताओं को नेताओं को जीत की बधाई दी और उन्हें धन्यवाद दिया, उन्होंने कहा कि कर्नाटक के चुनाव में एक तरफ क्रोनी कैपिटिलिस्ट की ताकत थी तो दूसरी तरफ गरीब जनता की शक्ति थी और शक्ति ने ताकत को हरा दिया और अब यही हर स्टेट में होगा।

जनता ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है: राहुल 

राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक में गरीबों के साथ खड़ी हुई, हमने गरीबों के मुद्दों पर चुनाव लड़ा, मुझे सबसे अच्छी बात ये लगी कि हमने नफरत से, गलत शब्दों से ये लड़ाई नहीं लड़ी, हमें मोहब्बत से, प्यार से, दिल से ये लड़ाई लड़ी और जनता ने दिखाया कि इस देश को मोहब्बत अच्छी लगती है।

“कर्नाटक में नफरत के बाजार बंद हुए हैं मोहब्बत की दुकान खुली है”

राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में नफरत के बाजार बंद हुए हैं मोहब्बत की दुकान खुली है, ये सबकी जीत है लेकिन सबसे पहले कर्नाटक की जनता की जीत है, उन्होंने कहा कि हमने चुनाव में कर्नाटक की जनता से पांच वादे किये हैं जिसे हम पहली कैबिनेट में पहले दिन ही पूरा करेंगे।

जनता ने बता दिया कि अब ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी : प्रियंका 

प्रियंका गांधी भी पार्टी की जीत से बहुत खुश हैं उन्होंने जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं नेताओं को जीत की बधाई देते हुए कहा कि इस जीत ने ये संदेश दे दिया है कि जनता अपनी समस्या के समाधान की राजनीति चाहती है, हमने हिमाचल और कर्नाटक में जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ी और यहाँ की जनता ने बता दिया कि अब ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी, कर्नाटक की जनता ने अपना ध्यान केंद्रित रखा और भ्रष्ट सरकार को बाहर कर दिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews