
भारतीय जनता पार्टी ने असम में कांग्रेस के एक नेता द्वारा बांग्लादेश के राष्ट्रीय गान ‘अमर सोनार बांग्ला’ गाने पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी की असम इकाई द्वारा साझा किए गए एक पुराने वीडियो में श्रीभूमि जिले के एक पार्टी कार्यक्रम में कांग्रेस नेता को यह गीत गाते देखा गया। बीजेपी ने इसे ‘वोट बैंक को लुभाने की समन्वित कोशिश’ करार दिया।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर ‘प्रतिस्पर्धी तुष्टिकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों का समर्थन कर रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शरिया कानून की वकालत कर रही है। पूनावाला ने यह भी दावा किया कि बांग्लादेश भारत को बांटने की बात कर रहा है और कांग्रेस इसका समर्थन कर रही है।
वीडियो में क्या दिख रहा
वीडियो में दिख रहे गीत ‘अमर सोनार बांग्ला’ को रवींद्रनाथ टैगोर ने रचा था, जो बांग्लादेश का राष्ट्रीय गान है। कांग्रेस ने इसे बंगाली संस्कृति का अभिन्न अंग बताया और बीजेपी पर बंगाली भाषा व संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस का आया यह जवाब
कांग्रेस सांसद और असम प्रभारी गौरव गोगोई ने बीजेपी की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि यह टैगोर का रचा गीत है जो बंगाली भावनाओं को व्यक्त करता है। उन्होंने बीजेपी पर बंगाल के लोगों का वोट के लिए इस्तेमाल करने और उनकी संस्कृति की अनभिज्ञता का आरोप लगाया।
