भारत जोड़ो यात्रा तथा राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र, कांग्रेस ने की ये मांग

भारत जोड़ो यात्रा तथा राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र, कांग्रेस ने की ये मांग

Letter to Home Minister Regarding Security of Rahul Gandhi : कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक का मुद्दा उठाया है। पत्र में कहा गया है कि दिल्ली में कई स्थानों पर सुरक्षा में भारी लापरवाही हुई है और दिल्ली पुलिस इसे लेकर पूरी तरह विफल हुई है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से लिखे गए पत्र में इस बार पर चिंता ज़ाहिर करते हुए राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम करने की मांग की गई है।

अमित शाह को पत्र

केंद्रीय गृह मंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है कि ‘राहुल गांधी को जेड प्लस (Z+ Security) सुरक्षा दी गई है लेकिन इस यात्रा में शामिल लोगों को परेशान करने तथा जानी मानी हस्तियों को यात्रा में शामिल होने से रोकने के उद्देश्य से इंटेलिजेंस ब्यूरो इनसे पूछताछ कर रहा है।’ इसे लेकर पत्र में कांग्रेस द्वारा हरियाणा के गुरुग्राम में की गई पुलिस शिकायत का हवाला भ दिया गया है। इसी के साथ पत्र में लिखा है कि ‘संविधान की धारा 19 के तहत भारत के प्रत्येक नागरिक को देश में कहीं भी घूमने का अधिकार है। भारत जोड़ो यात्रा देश में शांति और सद्भभाव के लिए निकाली जा रही पदयात्रा है। इसे लेकर सरकार को बदले की राजनीति नहीं करनी चाहिए और कांग्रेस नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।’

सुरक्षा की मांग

कांग्रेस ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि देश के लिए कांग्रेस के दो प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपने जीवन का बलिदान दिया। अब भारत जोड़ो यात्रा संवेदनशील राज्यों पंजाब तथा जम्मू और कश्मीर में प्रवेश करेगी और इस दौरान उसे पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए। इसे लेकर पार्टी ने राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। बता दें कि आज कांग्रेस अपना 138वां स्थापना दिवस मना रही है और इसी बीच राहुल गांधी तथा भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षा की खामियों को लेकर ये पत्र लिखा गया है। यात्रा फिलहाल दिल्ली में विश्राम के दौर में है और जनवरी में ये उत्तर प्रदेश, हरियाणा होते हुए पंजाब और फिर जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews