Delhi News: SSC परीक्षा घोटाले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन, लाठीचार्ज की खबर पर पुलिस ने दी सफाई

Delhi News: SSC परीक्षा घोटाले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन, लाठीचार्ज की खबर पर पुलिस ने दी सफाई

ssc protest

24 अगस्त 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में SSC परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में करीब 1,500 छात्र शामिल हुए। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति थी, लेकिन तय समय के बाद भी कुछ छात्र मैदान में डटे रहे। छात्रों की मांग थी कि SSC परीक्षाओं की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हो और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच की जाए।

वहीं, कुछ छात्रों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि किसी प्रकार की बल प्रयोग नहीं किया गया।

प्रदर्शन के पीछे की वजह: पारदर्शिता की मांग

छात्रों ने आरोप लगाया कि SSC की परीक्षाओं में बार-बार गड़बड़ियां सामने आती हैं, जिससे योग्य उम्मीदवारों को नुकसान होता है। कई बार पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में देरी, और रिजल्ट में अनियमितताएं देखने को मिली हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्र संगठन लंबे समय से आवाज़ उठा रहे हैं। छात्रों का कहना है कि उन्हें सिर्फ नौकरी की उम्मीद नहीं, बल्कि न्याय और पारदर्शिता चाहिए।

तय समय के बाद भी रुके रहे छात्र, पुलिस ने दी चेतावनी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय तय किया गया था। लेकिन शाम के बाद भी करीब 300 छात्र मैदान में डटे रहे। डीसीपी सेंट्रल दिल्ली निधिन वलसन ने बताया कि पुलिस ने कई बार प्रदर्शनकारियों से स्थान खाली करने की अपील की और चेताया कि धारा 163 बीएनएसएस (जो अब धारा 188 आईपीसी की जगह लागू है) के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके बावजूद करीब 100 छात्र नहीं माने, जिसके बाद 40 छात्रों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस का बयान: कोई लाठीचार्ज नहीं हुआ

कई छात्रों ने दावा किया कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया और मारपीट की, जिससे कुछ छात्र घायल भी हुए। लेकिन दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को गलत बताया। डीसीपी वलसन ने कहा कि पुलिस ने किसी भी तरह का लाठीचार्ज नहीं किया। उल्टा प्रदर्शन के दौरान पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो, इसके लिए पुलिस पूरी कोशिश कर रही थी, लेकिन तय समय का उल्लंघन होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की गई।

अगला प्रदर्शन रद्द, एफआईआर दर्ज

पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन के आयोजकों ने जो शर्तें तय की थीं, उनका पालन नहीं किया गया। इसके चलते 25 अगस्त को होने वाला अगला प्रदर्शन रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही आयोजकों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 बी के तहत एफआईआर भी दर्ज की गई है। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे कानूनी दायरे में रहते हुए अपनी मांगें रखें और कानून व्यवस्था को बाधित न करें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews