हरिद्वार मनसा देवी मंदिर हादसा: बिजली का करंट बना भगदड़ की वजह, 6 मासूमों की मौत से मचा कोहराम

Mansa Devi Mandir: हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में हुई भगदड़ ने श्रद्धालुओं को झकझोर दिया। करंट लगने की अफवाह से मची अफरा-तफरी में 6 मासूमों की जान चली गई। हादसे के बाद प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। जानिए क्या है इस हादसे की असली वजह।
Mansa Devi Mandir

उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित मनसा देवी मंदिर में उस वक्त मातम पसर गया जब एक छोटी सी अफवाह ने 6 मासूमों की जान ले ली। मंदिर में दर्शन के लिए जुटे हजारों श्रद्धालुओं में अचानक भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में कई लोग घायल हुए हैं और कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर परिसर में अचानक बिजली का करंट फैलने की अफवाह फैल गई, जिससे लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई बच्चे और महिलाएं भीड़ में दब गए और उनकी मौत हो गई।

डर का माहौल बना मौत का कारण

हादसे के वक्त मंदिर में काफी भीड़ थी। तभी किसी ने जोर से चिल्लाया कि मंदिर परिसर में बिजली का करंट फैल गया है। इस बात को सुनकर भगदड़ मच गई। किसी ने सच्चाई की जांच नहीं की और लोग जान बचाने के लिए एक-दूसरे पर चढ़ते दौड़ने लगे। इसी भगदड़ में 6 मासूमों की मौके पर ही जान चली गई।

प्रशासन की लापरवाही बनी जानलेवा

मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में कोई इमरजेंसी एग्जिट प्लान नहीं था। सीसीटीवी भी ठीक से काम नहीं कर रहे थे और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की संख्या भी पर्याप्त नहीं थी। हादसे के बाद न तो मेडिकल टीम समय पर पहुंची और न ही स्थानीय प्रशासन की कोई तैयारी नज़र आई।

परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल

मृत लोगों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोशल मीडिया पर भी लोग प्रशासन की लापरवाही को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कई लोग कह रहे हैं कि अगर समय पर एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ मौजूद होता, तो शायद कुछ मासूमों की जान बचाई जा सकती थी।

सीएम धामी की चिंता और भरोसा

जैसे ही घटना की खबर आई, हरिद्वार प्रशासन हरकत में आ गया। स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अमला और SDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्यों में जुट गईं। घायलों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया के ज़रिए श्रद्धालुओं के सुरक्षित होने की कामना की। उन्होंने कहा, मैं खुद हालात पर नजर बनाए हुए हूं। माता रानी से प्रार्थना है कि सभी श्रद्धालु सकुशल रहें।

उन्होंने ये भी साफ किया कि राहत और बचाव कार्यों में कोई लापरवाही न हो, इसके लिए प्रशासन को सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ितों के साथ है और ज़रूरत पड़ने पर हर संभव मदद दी जाएगी।

मनसा देवी मंदिर हादसे पर पीएम मोदी का ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर हादसे को लेकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा, “हरिद्वार, उत्तराखंड में माता मनसा देवी मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के बीच मची भगदड़ में हुई जनहानि से बेहद दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews