Lok Sabha Election 2024: राहुल के खटाखट वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार, अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो पहले असंभव था, आज वो संभव हो पाया है। ये बदलाव, ये सफलता मोदी के कारण नहीं, बल्कि आपके एक वोट के कारण हुआ है, ये आपके वोट की ताकत है। इसलिए आज पूरा देश कह रहा है- इस सरकार का तीसरा कार्यकाल और दमदार होगा।
PM Modi

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव अपने पांचवे चरण में पहुंच गया है, नेताओं में भाषणों में भी तीखापन  बढ़ता जा रहा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ पहुंचे उन्होंने यहाँ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा, पीएम ने राहुल गांधी के खटाखट वाले बयान पर उसी अंदाज में पलटवार किया, साथ ही अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया।

राहुल के खटाखट वाले बयान पर मोदी ने मजाकिया अंदाज में दिया जवाब 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के शहजादों के लिए देश का विकास ऐसा है जैसे मोहल्ले में बच्चे गिल्ली  डंडा खेलते हैं वैसा, इन शहजादों को ना मेहनत की आदत है और ना ही नतीजे लाने की, इसलिए ये कहते हैं देश का विकास अपने आप होगा,  देश का विकास खटाखट होगा। ये सोचते हैं कि भारत आत्मनिर्भर अपने आप बन जाएगा और पूछो तो कहते हैं खटाखट-खटाखट। ये कहते हैं कि भारत की गरीबी हम दूर कर देंगे  पूछो तो कहते हैं खटाखट-खटाखट। लेकिन अब इनको मालूम होना चाहिए कि रायबरेली की जनता भी खटाखट-खटाखट भेजेगी घर। अमेठी से गए और अब ये रायबरेली से भी जाएंगे।

4 जून के बाद इंडी गठबंधन बिखर जायेगा, दोनों शहजादे छुट्टियों पर विदेश निकल जायेंगे 

मोदी ने कहा देश चलाना, सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए बच्चों का खेल नहीं है। आपसे नहीं हो पायेगा, क्योंकि चार जून के बाद मोदी सरकार तो बनेगी ही बनेगी , देश की जनता बनाएगी ही और भी बहुत कुछ होने वाला है बताऊँ क्या? उन्होंने कहा इंडी गठबंधन टूटकर बिखर जायेगा खटाखट-खटाखट, पराजय के बाद बलि के बकरे को खोजा जायेगा खटाखट-खटाखट, फिर शहजादे चाहे लखनऊ वाले हों या दिल्ली वाले, गर्मी की छुट्टियों पर विदेश निकल जाएंगे खटाखट-खटाखट। किसी ने तो मुझसे कहा कि शायद टिकट बुक करवाने के लिए भी कह दिया है।

हम भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे, ये मोदी की गारंटी है

मोदी ने कहा कि आपको सपा-कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। इंडी गठबंधन के लोग देश को बदहाल बनाकर सत्ता से गए थे। 2014 से पहले देश को इन्होंने तबाह कर दिया था, बर्बाद कर दिया था, हर क्षेत्र में लूट मची थी, देश निराशा के गर्त में डूबा हुआ था।  जब 2014 में आपने हमें मौका दिया तो पहले कुछ समय इनके गड्ढों को भरने में लग गया। ये भारत की अर्थव्यवस्था को 11वें नंबर पर छोड़कर गए थे, हम इसे 5वें नंबर पर लाए, लेकिन जब हम तीसरी बार सरकार बनाएंगे तो भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाएंगे, ये मोदी की गारंटी है।

जो पहले असंभव था, आज वो संभव हो पाया है, सिर्फ आपके एक वोट के कारण 

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो पहले असंभव था, आज वो संभव हो पाया है। ये बदलाव, ये सफलता मोदी के कारण नहीं, बल्कि आपके एक वोट के कारण हुआ है, ये आपके वोट की ताकत है। इसलिए आज पूरा देश कह रहा है- इस सरकार का तीसरा कार्यकाल और दमदार होगा। आज भारत जी-20 जैसे बड़े आयोजन बड़ी सफलता और गर्व के साथ करवाता है। भारत अपने तिरंगे की छाप चंद्रमा पर छोड़ता है। 10 साल पहले ऐसी सफलता की कल्पना भी कर सकते थे क्या? तब हजारों करोड़ के घोटाले के अलावे कोई खबर आई थी क्या?

ये कहा था राहुल गांधी ने 

आपको बता दें कि पिछले दिनों राहुल गांधी ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि 4 जून को जब हमरी सरकार बनेगी तो 1 जुलाई को बहने अपना एकाउंट चेक कर लेना उसमें 8500 रुपये पहुंच जायेंगे फिर हर महीने 8500 रुपये आये जायेंगे खटाखट खटाखट, पीएम मोदी ने इसी बयान को आधार बनाकर आज राहुल गांधी और अखिलेश यादव को निशाने पर पर लिया है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews