आपदा में कुअवसर : गद्दों में रूई की जगह भरे जा रहे थे इस्तेमाल किए हुए मास्क

आपदा में कुअवसर : गद्दों में रूई की जगह भरे जा रहे थे इस्तेमाल किए हुए मास्क

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। कई लोग आपदा में अवसर खोज लेते हैं, लेकिन ये अवसर ऐसे नहीं होने चाहिए कि दूसरों की जान पर बन आए। महाराष्ट्र के जलगांव में एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गद्दों में रूई की जगह इस्तेमाल किए हुए मास्क भरे जा रहे थे।

ये भी देखिये – सेवढ़ा : बिना मास्क के घूमते लोगों को एसडीएम ने सिखाया सबक, लगवाई उठक-बैठक

ये कारनामा किया जा रहा था महाराष्ट्र गादी सेंटर में। दरअसल एमआईडीसी पुलिस को सूचना मिली कि इस कारखाने में गद्दों में रूई की जगह इस्तेमाल कर फेंके हुए मास्क भरे जा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि वहां गद्दों में रूई की जगह प्रयोग में लाए जा चुके मास्क भरे जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र गादी सेंटर के मालिक अमदर मंसूरी पर केस दर्ज किया है। मौके से पुलिस ने इस्तेमाल किए हुए मास्क का भंडार भी बरामद किया है। एक तरफ जहां देशभर में कोरोना का कहर जारी है और इसने सबसे ज्यादा तबाही महाराष्ट्र में ही मचाई है, वहीं कारखाने में इस तरह का काम किया जा रहा था। इस तरह ये मामूली से फायदे के लिए जाने कितने लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। इन गद्दों का जो लोग इस्तेमाल करते, उनपर तो शायद बाद में दुष्प्रभाव पड़ता, लेकिन कारखाने में काम कर रहे कर्मचारी और मजदूर पहले ही खतरे की ज़द में थे। गद्दों में इस्तेमाल किए हुए मास्क भरने का आईडिया चाहे जिसका भी हो, लेकिन अब इसने आरोपियों को पुलिस तक पहुंचा दिया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews