शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा ने पति पर लगाया तीन तलाक का आरोप, दहेज उत्पीड़न और मारपीट को लेकर FIR दर्ज

दिवंगत शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति और ससुर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लखनऊ के सआदतगंज थाने में पति पर तीन तलाक देने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा ने पति पर लगाया तीन तलाक का आरोप, दहेज उत्पीड़न और मारपीट को लेकर FIR दर्ज

देश के मशहूर शायर रहे स्वर्गीय मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति सैयद मोहम्मद साकिब पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। हिबा ने लखनऊ के सआदतगंज थाने में अपने पति और ससुर सैयद हसीब अहमद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की कोशिश जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 लाख रुपए और फ्लैट की मांग का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, हिबा राना का निकाह साल 2013 में सैयद मोहम्मद साकिब के साथ सुन्नी मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। हिबा के परिवार ने निकाह के समय सोने और हीरे के जेवरात के साथ 10 लाख रुपए नकद दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार और दहेज की मांग कर रहा था। हिबा का कहना है कि उनके पति और ससुर उनसे 20 लाख रुपए और एक फ्लैट की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मांग पूरी न होने पर पति मोहम्मद साकिब अक्सर उनके साथ मारपीट करता था और कई बार जान से मारने की कोशिश भी की।

बहन के सामने दिया तीन तलाक

हिबा राना ने अपनी शिकायत में बताया कि 9 अप्रैल 2025 को उनके पति साकिब ने उनकी बहन अर्शिया राणा उर्फ तीना के सामने ही गाली-गलौज करते हुए उन्हें तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि तीन तलाक देने के बाद उन्हें घर से धक्के मारकर निकाल दिया गया।

हिबा ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति ने दोनों बच्चों को घर में ही कैद कर लिया है और उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। सआदतगंज थाना पुलिस ने हिबा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

Banshika Sharma
लेखक के बारे में
Banshika Sharma

कंटेंट राइटर

मेरा नाम बंशिका शर्मा है। मैं एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हूँ। मुझे समाज, राजनीति और आम लोगों से जुड़ी कहानियाँ लिखना पसंद है। कोशिश रहती है कि मेरी लिखी खबरें सरल भाषा में हों, ताकि हर पाठक उन्हें आसानी से समझ सके। View all posts by Banshika Sharma →
Follow Us :GoogleNews