
राहुल गांधी के ‘हाइड्रोजन बम’ वाले बयान पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने है। एक दिन पहले बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल के बयान को गैर-जिम्मेदाराना और गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव का बमों से क्या लेना देना है और इस तरह की बातें विपक्ष की नेता की गरिमा के विरूद्ध है।
वहीं अब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविशंकर प्रसाद के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि राहुल गांधी उन्हें उनकी ही भाषा में समझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो गोडसे के उपासक हैं और उन्हें गांधीवादी भाषा समझ में नहीं आती है इसीलिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल हो रहा है।
राहुल गांधी ने कहा ‘हाइड्रोजन बम’ की तैयारी
राहुल गांधी ने बिहार में अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के समापन के दौरान एक बयान दिया, जिसमें उन्होंने ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने कर्नाटक के महादेवपुरा में ‘एटम बम’ के रूप में वोटर फ्रॉड का खुलासा किया था और अब बिहार में ‘हाइड्रोजन बम’ लाने की तैयारी है।
रविशंकर प्रसाद ने की बयान की निंदा
राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि उनका एटम बम तो फुस्स हो गया, अब हाइड्रोजन बम फोड़ने की बात कर रहे हैं। दुनिया में आज तक कहां हाइड्रोजन बम फूटा है, जिसे राहुल गांधी फोड़ना चाहते हैं। उन्होंने इसे गैरजिम्मेदाराना और विपक्ष की नेता के गरिमा के खिलाफ बताते हुए कहा कि राहुल गांधी की बातें समझने के लिए कई तरह के एंटेना लगाने पड़ते हैं। अगर कर्नाटक में उनका ‘एटम बम’ था, तो वह तो दिवाली का पटाखा भी नहीं निकला। अब हाइड्रोजन बम की बात कर रहे हैं। बमों का चुनाव से क्या लेना-देना है।
पवन खेड़ा का पलटवार
अब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने रविशंकर प्रसाद के आरोपों का जवाब दिया है। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘इन्हीं की भाषा में इनसे बात कर रहे हैं राहुल गांधी। यही भाषा इन्हें समझ आती है। इसीलिए इस भाषा का इस्तेमाल हो रहा है क्योंकि इन्हें कोई और भाषा समझ नहीं आती। आपको लगता है इनके सामने अगर हम गांधीवादी भाषा का इस्तेमाल करेंगे तो इन्हें समझ आएगी? ये गोडसे के उपासक हैं इनसे तो इसी भाषा में बात की जाएगी।’
#WATCH | दिल्ली: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के बयान पर कहा, "राहुल गांधी उनसे उनकी ही भाषा में बात कर रहे हैं। वे केवल यही भाषा समझते हैं, इसलिए राहुल गांधी उनसे इस भाषा में बात कर रहे हैं। हम इनके आगे गांधीवादी भाषा का इस्तेमाल करेंगे तो क्या इन्हें… pic.twitter.com/ccYZKJxHYN
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 2, 2025
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

