राम मंदिर दान चोरी मामला, अरविंद केजरीवाल ने PM Modi को कहा धृतराष्ट्र, असली दोषियों को बचाने के लगाये आरोप

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी के कहने पर एक फर्जी एफआईआर कराई  गई जिसमें आठ छोटे लोगों को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया, पुलिस ने उनका रिमांड भी नहीं मांगा, उल्टा भरोसा दिया गया कि जल्दी जमानत करवा देंगे।   
Arvind Kejriwal

Arvind Kejriwal

राम मंदिर में हुई दान और चढ़ावा चोरी के आरोप में गिरफ्तार 8 लोग न्यायिक हिरासत में जेल में है इधर इन आरोपियों के ठिकानों पर छापे मारकर जाँच एजेंसियों ने अब तक लाखों रुपये का कैश बरामद कर लिया है, एसआईटी की जाँच जारी है , मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट कहा है कि दोषी कोई भी हो बचेगा नहीं, लेकिन विपक्ष को इसपर भरोसा नहीं है उसके निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल राम मंदिर की घटना से बहुत आहत हैं, कभी राम मंदिर की जगह अस्पताल, स्कूल बनवाने की मांग करने वाले केजरीवाल अब राम मंदिर की घटना को करोड़ों सनातनियों की आस्था पर चोट बता रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमलावर हैं।

केजरीवाल ने आज मीडिया से इसी मुद्दे पर बात की, उन्होंने कहा राम मंदिर में चोरी के असली दोषियों को सजा मिल पाएगी मुझे संदेह है? मुझे नहीं मालूम कि पैसा पीएम मोदी तक पहुंचा या नहीं लेकिन पूरा घटनाक्रम ये दिखाता है कि उन्होंने पूरे मामले को रफा दफा करने और दोषियों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

AAP संयोजक बोले, राम मंदिर ट्रस्ट में एक एक व्यक्ति पीएम मोदी ने चुना 

अरविंद केजरीवाल ने कहा मंदिर का ट्रस्ट प्रधानमंत्री मोदी ने बनाया, उन्होंने एक एक व्यक्ति को चुनकर ट्रस्ट में रखा चंपत राय प्रधानमंत्री के बहुत ख़ास बताये जाते हैं वे महामंत्री है लेकिन सर्वेसर्वा हैं, फिर भी उन्हें कुछ मालूम नहीं चला। जमीन घोटाले का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा वहां 2021 में जमीनों के करोड़ों के घोटाले हुए ट्रस्ट ने कई गुना  महंगी कीमत में जमीने खरीदी लेकिन पीएम को पता नहीं चला।

केजरीवाल ने गिनाये घोटाले, पीएम से पूछा आपको पता नहीं चला 

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से सवाल किये कि राम मंदिर ट्रस्ट के जमीन घोटाले का आपको पता नहीं चला, मंदिर निर्माण टेंडर में कमीशन लिया जा रहा था आपको पता नहीं चला, 40 दिन में 70 बार चोरी हो गई आपको पता नहीं चला, आठ महीने की सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी गई आपको पता नहीं चला, उस ट्रस्ट में केंद्र सरकार का गृह विभाग का  एक अधिकारी है फिर भी आपको पता नहीं चला। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि आपको हर बूथ पर एसआईआर में किसका नाम कटवाना है किसका जुड़वाना है वो पता है लेकिन राम मंदिर में क्या हुआ ये आपको नहीं पता तो ये हम नहीं मान सकते।

एसआईटी से लेकर पुलिस की कार्यशैली पर केजरीवाल ने उठाये सवाल 

अरविंद केजरीवाल ने कहा आपको इस चोरी का पता था, मुझे मालूम चला है कि आईबी ने 12 रिपोर्ट आपको सौंपी हैं जिसमें इन बातों का जिक्र है, यानि आपको सब पता था लेकिन आप धृतराष्ट्र बनकर आँख पर पट्टी बांधकर बैठे रहे, और जब पानी सिर के ऊपर निकल गया तो लोगों की आँख में धूल झोंकने के लिए एक एसआईटी बना दी, जब बिना एफआईआर के एसआईटी बनी उसी दिन लोगों को समझ आ गया था कि प्रधानमंत्री मोदी लीपा पोती कर रहे हैं, असली दोषियों को बचाने की कोशश कर रहे हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews