देश में पहली बार राष्ट्रपति भवन में होगी शादी, शिवपुरी की पूनम गुप्ता बनेंगीं दुल्हन

यह ऐतिहासिक विवाह अब से दो दिन बाद संपन्न होने जा रहा है, जिसका सीधा संबंध मध्य प्रदेश से है। दुल्हन बनने जा रहीं पूनम गुप्ता शिवपुरी की रहने वाली हैं और वर्तमान में राष्ट्रपति भवन में पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) के पद पर तैनात हैं। पूनम वही अधिकारी हैं, जिन्हें एक समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला कमांडो कहा गया था। उनकी तस्वीरें पीएम मोदी के साथ चलते हुए वायरल हुई थीं, जिसके बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि वे प्रधानमंत्री की सुरक्षा में तैनात कमांडो हैं। उनकी दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के चलते वे सुर्खियों में रही थीं और अब उनकी शादी भी ऐतिहासिक होने जा रही है।
Rashtrapati Bhavan wedding

First-Ever Wedding at the Rashtrapati Bhavan in India : राष्ट्रपति भवन में पहली बार शहनाई गूंजने जा रही है। दो दिन बाद 12 फरवरी को देश के इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति भवन में एक शादी होगी और इस शादी में दुल्हन बनेंगीं शिवपुरी की पूनम गुप्ता। पूनम केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में राष्ट्रपति भवन में पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) के रूप में तैनात हैं। उनका विवाह सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट अवनीश कुमार से होगा, जो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में सेवारत हैं।

दरअसल, पूनम गुप्ता ने स्वयं महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के समक्ष राष्ट्रपति भवन में विवाह करने की इच्छा प्रकट करते हुए इसकी अनुमति देने का अनुरोध किया था। उनकी अनुकरणीय सेवा, अनुशासन, और कार्य के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए राष्ट्रपति ने इस अनूठे अनुरोध को स्वीकार कर लिया। पूनम की देशभक्ति, समर्पण और कार्यक्षमता को सराहते हुए राष्ट्रपति ने इसके लिए अनुमति प्रदान कर दी है जिसके बाद ये ऐतिहासिक शादी होने जा रही है।

देश में पहली बार राष्ट्रपति भवन में होगी कोई शादी

सीआरपीएफ अधिकारी पूनम गुप्ता की शादी 12 फरवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन के मदर टेरेसा क्राउन कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जाएगी। इस समारोह में दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कुछ अन्य विशिष्ट अतिथि भी नवयुगल को आशीर्वाद देने आएंगे। पूनम गुप्ता ने स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में विवाह समारोह आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। उनका बहतरीन रिकॉर्ड देखते हुए राष्ट्रपति ने इस विशेष अनुरोध को स्वीकृति प्रदान की है और इसके बाद अब शादी की तैयारियां शुरु हो गई हैं।

जानिए, कौन हैं दुल्हन पूनम गुप्ता

पूनम गुप्ता का जन्म मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में हुआ। उनके पिता रघुवीर गुप्ता, नवोदय विद्यालय में कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। पूनम ने गणित और अंग्रेजी साहित्य में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। साथ ही ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय से बी.एड. की डिग्री भी प्राप्त की है। उन्होंने यूपीएससी की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) परीक्षा 2018 में 81वीं रैंक हासिल की थी और फिर फिर वे सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट बनीं। 2024 में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान उन्होंने सीआरपीएफ की महिला टुकड़ी का नेतृत्व किया था और इसके बाद वे चर्चाओं में आई थीं। उनकी शादी सीआरपीएफ में असिस्टेंट कमांडेंट पद पर कार्यरत अवनीश कुमार के साथ होने जा रही है। अवनीश वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि पूनम राष्ट्रपति भवन में तैनात हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews