दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में महसूस किए गए भूकंप के जोरदार झटके, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

आज सुबह 5:30 बजे के करीब दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई है। हालांकि, अब तक इस भूकंप से किसी भी तरह की जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। भूकंप के झटकों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पोस्ट कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में महसूस किए गए भूकंप के जोरदार झटके, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह 5:36 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। झटके इतने तेज थे कि कंपन की आवाज़ से घरों में सो रहे लोग जाग गए और घबराकर घरों से बाहर निकलने पर मजबूर हो गए। भूकंप के दौरान कई इमारतें बुरी तरह हिल गईं, जिससे लोग डर गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई है। हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।

भूकंप के झटके तकरीबन 4 से 5 सेकंड तक महसूस किए गए। पहला झटका काफी तेज था, लेकिन इसके बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। सुबह-सुबह गहरी नींद में सोए लोग भूकंप के झटकों से जाग गए और अपनी-अपनी बिल्डिंग से बाहर निकल आए।

भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर नीचे था

इस दौरान हाई-राइज़ बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में सबसे ज्यादा घबराहट देखी गई। चार-पांच सेकंड तक आए भूकंप के झटकों के कारण कई लोग जब तक भूकंप रुक नहीं गया, तब तक बाहर नहीं आ सके। हालांकि, अभी तक इस भूकंप से किसी भी तरह की जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र नई दिल्ली के पास का इलाका था। भूकंप का केंद्र जमीन से 5 किलोमीटर नीचे था, इसी वजह से दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, बुलंदशहर, मेरठ समेत आसपास के कई इलाकों में झटके महसूस किए गए। भूकंप के साथ एक तेज़ आवाज़ भी सुनाई दी, जिससे लोगों में और अधिक घबराहट बढ़ गई और सड़क पर चल रहे लोग भी सहम गए।

दिल्ली में आए भूकंप बड़े खतरे की चेतावनी हो सकते हैं

विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले कुछ समय में दिल्ली में आए भूकंप बड़े खतरे की चेतावनी हो सकते हैं। दरअसल, हाल ही में दिल्ली समेत भारत के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के लिहाज से दिल्ली हाई-रिस्क ज़ोन में आता है। भूकंप की संवेदनशीलता के अनुसार भारत को 5 ज़ोन में बांटा गया है। हिमालय और उससे सटे तराई वाले इलाके सबसे ज्यादा खतरे वाले यानी ज़ोन 5 में आते हैं, जबकि दिल्ली-एनसीआर का क्षेत्र ज़ोन 4 में आता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतर्क रहने की अपील की

दिल्ली में महसूस किए गए भूकंप के झटकों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “दिल्ली और आसपास के इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। ऐसे में मैं सभी से अपील करता हूं कि शांत रहें और सुरक्षा सावधानियों का पूरी तरह से पालन करें। साथ ही, आने वाले संभावित झटकों के प्रति सतर्क रहें। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews