
Two government jobs at once : जो लोग नौकरीपेशा हैं वो जानते हैं कि समय कितना अहम होता है। नौकरी में रहते दुनियादारी के बाकी कामकाज भी निपटाने होते हैं और ऐसे में खुद के लिए समय ही नहीं निकल पाता। हालत ये है कि कई बार लोगों को सोने के लिए वक्त नहीं मिल पाता। वहीं दूसरी तरफ जिनके पास नौकरी नहीं है, वो चाहते हैं कि बस किसी तरह नौकरी लग जाए तो जीवन ढर्रे पर आए। लेकिन कई बार कुछ लोग ऐसे होते हैं जो इन दोनों ही कैटेगरी में नहीं आते।
ये खबर है उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से..यहां तारकेश्वर सिंह नाम का एक शख्स पिछले 8 साल से दो सरकारी विभागों में काम कर रहा था। बिजली निगम के कैंपियरगंज वितरण खंड क्षेत्र के सोनौरा बुजुर्ग गांव का रहने वाला तारकेश्वर सिंह बिजली विभाग में संविदा पर लाइनमैन था। वहीं रात में वो होमगार्ड की नौकरी पर लगा जाता। ऐसा कर वो पिछले आठ साल से दो सरकारी विभागों की आंख में धूल झोंक रहा था। दोनों विभागों से वो तनख्वाह और अन्य सुविधाओं का लाभ ले रहा था।
ये मामला तब सामने आया जब उसी के गांव के एक परिवार ने सीएम पोर्टल पर उसकी शिकायत की। दरअसल होमगार्ड बनने के बाद से वो रौब दिखाकर लोगों से पैसे की वसूली करता था। इसके बाद उसके गांव के प्रमोद राय ने सीएम पोर्टल पर मामले की शिकायत दर्ज कराई। तब जाकर खुलासा हुआ कि वो तो सालों से दो सरकारी विभागों को गुमराह कर रहा है। लेकिन यहां ये समझ से परे है कि दिन और रात में दो नौकरियां करने के बाद वो आखिर सोता कब था। बहरहाल..इस शिकायत की जांच के बाद उसकी दोनों नौकरी जाना तय है और इसके बाद दो दो नौकरी करने वाले इस शख्स को फिर से कोई नौकरी ढूंढनी पड़ेगा।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

