श्याम वर्ण रामलला की पहली झलक आई सामने, आज अरणिमन्थन से प्रकट होगी अग्नि, होगा पञ्चभूसंस्कार

Ram Mandir Inauguration

Ram Mandir Inauguration: अयोध्या के राम मंदिर में 22 जनवरी को प्रभु राम की बाल स्वरूप प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाने वाली है। इस मूर्ति को गर्भगृह में रखा जा चुका है और फिलहाल ये ढंकी हुई है। रामलला की इस मूर्ति की पहली झलक सामने आई है और सोशल मीडिया पर तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। बुधवार को प्रभु की ये मूर्ति क्रेन की सहायता से मंदिर में लाई गई थी।

जैसा कि सभी जानते हैं फिलहाल राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंदिर में लगातार अनुष्ठान चल रहा है। मंगलवार से शुरू हुआ पूजन अर्चन का ये क्रम 21 जनवरी तक चलेगा। इसके बाद 22 जनवरी को मुख्य प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होने वाला है। भगवान को जिस प्रतिमा की पहली झलक सामने आई है उसे कर्नाटक के मैसूर में रहने वाले मूर्तिकार अरुण योगीराज ने तैयार किया है।

ऐसी है मूर्ति

रामलला की मूर्ति की जो तस्वीर सामने आई है। उसमें प्रभु की श्याम वर्ण प्रतिमा दिखाई दे रही है जो कमल के फूल पर विराजमान है। फिलहाल प्रतिमा का चेहरा और हाथ पीले कपड़े से ढांक कर रखा गया है। वहीं छाती वाले हिस्से पर भी सफेद रंग का वस्त्र दिखाई दे रहा है। लेकिन इन सबके बीच ध्यान देने वाली बात यह रही कि भगवान श्रीराम के चरण पूरी तरह से दिखाई दे रहे थे। प्रभु के चरणों के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो गए हैं।

आज होंगे ये अनुष्ठान

आपको बता दें कि 19 जनवरी दिन शुक्रवार यानी आज मंगलवार से चली आ रही पूजन अर्चन का दौर जारी रहेगा। सुबह 9 बजे से अनुष्ठान शुरू होगा जिसमें सबसे पहले अरणिमन्थन से अग्नि प्रज्वलित कर गणेश जी समेत अन्य देवी देवताओं को पूजा जाएगा। इसके साथ ध्रताधिवास, वेदपारायण, देवप्रबोधन, औषधाधिवास, पञ्चभूसंस्कार समेत अन्य पूजन की जाएगी।

अग्निकुंड में अग्नि प्रज्वलित होने के साथ ग्रहस्थापना, प्रधानदेवता स्थापना, रुद्रपीठस्थापना, वारुणमंडल, क्षेत्रपालमंडल स्थापना, ग्रह होम समेत अन्य अनुष्ठान होंगे। देशवासियों को 22 जनवरी की बहुत ही उत्साह के साथ प्रतीक्षा है क्योंकि इस दिन दोपहर 1:20 पर वेद मंत्रों के साथ रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews