
Husband murdered his wife : अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और फिर खेत में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया। शव को गलाने के लिए उसने नमक डाला और फिर उसपर बाजरा बो दिया। गाजियाबाद में हुई इस घटना के खुलासे से इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपी ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया और खुद को बेकसूर साबित करने के लिए पुलिस में पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट भी लिखवा दी।
फजलगढ़ गांव का निवासी दिनेश कुमार अपनी पत्नी अंजू (30 वर्ष) और दो बच्चों के साथ रहता था। वो ठेले पर सब्जियां बेचता है और 14 साल पहले उसकी शादी अंजू से हुई थी। 30 जनवरी को उसने भोजपुर पुलिस में अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई। उसने कहा कि उसकी पत्नी लापता है और काफी खोजबीन करने के बाद भी वो नहीं मिल रही है। इस मामले में शुरूआती जांच के बाद पुलिस को दिनेश पर शक हुआ और उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया। गुरूवार को पुलिस ने उसके पूछताछ की तो शुरू में तो वो पुलिस को गुमराह करता रहा लेकिन थोड़ी सख्ती दिखाने पर सारा राज़ उगल दिया।
दिनेश ने बताया कि उसे लगता था कि उसकी पत्नी का किसी और से अवैध संबंध है और इसी के चलते उनके बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी विवाद में उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। 24 जनवरी की सुबह उसने अंजू का गला घोंटकर उसे मार दिया। दिनेश का कहना है कि उसने एक फिल्म में देखा था कि अगर शव न मिले तो पुलिस कड़ी कार्रवाई नहीं कर पाती है इसीलिए उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए ये तरीका अपनाया। आरोपी अपनी पत्नी का शव को कंधे पर लादकर करीब 200 मीटर तक ले गया और फिर एक खेत में गड्ढा खोदकर उसे वहां दबा दिया। शव जल्दी गल जाए इसके लिए उसमें उसने 30 किलो के करीब नमक भी डाल दिया। वो जगह किसी की नजर में न आए इसके लिए उसके ऊपर बाजरे के बीज बो दिए ताकि गड्ढा अलग से नजर न आए और चारों ओर कंटीले तार लगा दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

