
Attempt to kidnap a girl from Neemuch District Hospital
नीमच जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक अज्ञात बदमाश ने 8 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा करने का प्रयास किया। हालाँकि अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड की सतर्कता और सूझबूझ से यह बड़ी वारदात टल गई। सुरक्षाकर्मी को अपनी ओर आता देख आरोपी बच्ची को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को तलाश कर रही है।
मां के बाथरूम जाते ही दिया झांसा
घटना मंगलवार रात करीब 10:15 बजे की बताई जा रही है। ट्रॉमा सेंटर की ऊपरी मंजिल स्थित मेडिकल वार्ड में एक महिला पास के बेड पर भर्ती अपनी परिचित से मिलने आई थी। इस दौरान जब महिला कुछ देर के लिए बाथरूम गई, तो वार्ड में काफी देर से बैठा अज्ञात आरोपी अकेली बैठी बच्ची के पास पहुंचा। उसने बच्ची से बातचीत शुरू की और झांसा दिया कि उसके माता-पिता नीचे खाना लेने गए हैं, और वह उसे अपने साथ नीचे ले जाने लगा।
गार्ड की नजर पड़ते ही भागा आरोपी
वार्ड में तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर जब संदिग्ध व्यक्ति की हरकतों पर पड़ी, तो उसने तुरंत उसकी तरफ कदम बढ़ाए। गार्ड को अपनी ओर आता देख आरोपी घबरा गया और बच्ची को वहीं छोड़कर भाग निकला। घटना के बाद बच्ची के परिजनों और वार्ड में मौजूद लोगों ने राहत की सांस लेते हुए सुरक्षा गार्ड की मुस्तैदी की सराहना की।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और अस्पताल स्टाफ से पूरे मामले की जानकारी लेकर तत्काल कैंट थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची और उसके परिजनों से पूछताछ की। सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं। कैंट थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

