
Omprakash Sakhlecha met with PM Modi
नीमच जिले की जावद विधानसभा के विधायक और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने गुरुवार को नई दिल्ली में अपने परिवार के सदस्यों के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बेहद आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान जावद विधानसभा क्षेत्र में चल रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों और नवाचारों पर प्रधानमंत्री के साथ विस्तार से सकारात्मक चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान भाजपा विधायक सखलेचा ने प्रधानमंत्री को बताया कि जावद क्षेत्र में विकास कार्य पूरी तरह से प्रधानमंत्री की मंशा और उनके विजन के अनुरूप किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनवाड़ी और अत्याधुनिक तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में किए गए सफल नवाचारों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसानों की भलाई और पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘जहर मुक्त जीरो बजट खेती’ की दिशा में भी एक बड़ा और सार्थक प्रयास शुरू किया गया है।
सौर ऊर्जा की पहल और पीएम का पुराना जावद दौरा
इस दौरान जावद की ऐतिहासिक उपलब्धियों को भी याद किया गया। गौरतलब है कि जावद विधानसभा क्षेत्र वही क्षेत्र है जहां मध्य प्रदेश में सौर ऊर्जा के विस्तार का काम सबसे पहले शुरू हुआ था। इसी विशेष नाते और सखलेचा के आत्मीय अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व में एक बार जावद का दौरा भी कर चुके हैं।
पीएम मोदी ने परिवार के सदस्यों से की आत्मीय बातचीत
इस सौजन्य भेंट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सखलेचा परिवार के सदस्यों से भी बहुत सहजता और आत्मीयता से बातचीत की। विधायक के पुत्र ऋषभ सखलेचा ने प्रधानमंत्री से संवाद करते हुए उन्हें जावद विधानसभा क्षेत्र में ‘लीक से हटकर’ हो रहे अनूठे और विकासशील कार्यों की जानकारी दी, जिसकी प्रधानमंत्री ने सराहना की। वहीं, इस मुलाकात विधायक की बेटी सकलेचा त्रिशा ने अपनी लिखी हुई एक पुस्तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ससम्मान भेंट की। त्रिशा एक बहुत ही उत्कृष्ट लेखिका हैं और उनकी कई पुस्तकें ‘बेस्ट सेलर’ की श्रेणी में अपनी जगह बना चुकी हैं।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

