मनासा में सरेआम खूनी तांडव! प्रेमिका ने बिछाया जाल, कार चुराने वाले को बीच सड़क अधमरा किया

पुलिस पकड़े गए सभी आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है। चोरी गई कार, वारदात में गर्लफ्रेंड की भूमिका और इस पूरे साजिश वाले घटनाक्रम की पुलिस द्वारा बारीकी से जांच की जा रही है।
Police Station Manasa Neemuch

Police Station Manasa Neemuch

ऐसा लगता है लोगों में अब कानून का खौफ खत्म हो गया है, मनासा की सड़कों पर गुरुवार रात जो हुआ, उसने न सिर्फ इंसानियत को शर्मसार किया, बल्कि कानून-व्यवस्था को भी सरेआम चुनौती दी। इंदौर से आई एक गैंग ने सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच किया। एक कार चोरी का बदला लेने के लिए पूरी खौफनाक साजिश रची गई। प्रेमिका को मोहरा बनाया गया और फिर बीच सड़क पर युवक को भूखे भेड़ियों की तरह तब तक लाठियों से पीटा गया, जब तक वह खून से लथपथ होकर अधमरा नहीं हो गया।

कहानी शुरू होती है 7 अप्रैल से,  शाजापुर के ग्राम देवरी का रहने वाला प्रकाश (35) इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित ‘डेली ऑटोडील’ पहुंचता है। टेस्ट ड्राइव के बहाने कार में बैठता है और गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो जाता है। शोरूम मालिक एहसान की आंखों में खून उतर आता है। वो खुद कानून हाथ में लेने की ठान लेता है। तलाश शुरू होती है और सुराग मिलता है कि प्रकाश मनासा में छिपा बैठा है।

‘हनीट्रैप’ और प्रेमिका का खौफनाक धोखा

एहसान सीधा हमला नहीं करता, बल्कि एक खौफनाक चाल चलता है। वह प्रकाश की प्रेमिका रेणुका को अपने साथ मिलाता है। रेणुका फोन घुमाती है और प्यार के जाल में फंसाकर प्रकाश को मनासा में एक तय जगह पर मिलने बुलाती है। प्रकाश को भनक तक नहीं थी कि उसकी मोहब्बत ही उसका शिकार करने के लिए जाल बिछा रही है।

सरेआम मौत का तांडव और निर्लज्ज भीड़

जैसे ही प्रकाश अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचता है, घात लगाए बैठे इंदौर के तीन पुरुषों और तीन महिलाओं की गैंग उस पर टूट पड़ती है। पूछा- “गाड़ी कहां है?” प्रकाश जवाब देता है- “बेच दी।” बस फिर क्या था लाठियों की अंधाधुंध बरसात शुरू हो जाती है। सरेआम बीच सड़क पर प्रकाश को जानवरों की तरह पीटा जाता है। वह लहूलुहान होकर चीखता है, गिड़गिड़ाता है, लेकिन वहां खड़ी निर्लज्ज भीड़ सिर्फ तमाशा देखती है और मोबाइल में वीडियो बनाती रहती है। कोई उसे बचाने आगे नहीं आता।

खाकी का एक्शन, 6 आरोपी हवालात में

सड़क पर हुए इस खूनी खेल का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मनासा टीआई निलेश अवस्थी ने तत्काल पूरी ताकत झोंक दी और इंदौर के एहसान, शुभम, शेखर के साथ ही साजिश में शामिल तीन महिलाओं दुर्गा, रेणुका (प्रेमिका) और बबीता को धर दबोचा। अस्पताल में तड़प रहे प्रकाश ने अपनी प्रेमिका रेणुका पर साजिश रचने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अब उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। सरेआम गुंडागर्दी करने वालों को अब कानून का सबक सिखाया जा रहा है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews