नीमच में मजदूर से अमानवीयता का मामला आया सामने, मजदूरी मांगने पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, तीन आरोपियों पर दर्ज हुआ केस

मध्य प्रदेश के नीमच से एक मजदूर की पिटाई का मामला सामने आया है, जहां बकाया मजदूरी मांगना एक मजदूर को भारी पड़ गया। आरोप है कि पूर्व मालिक और उसके दो साथियों ने मजदूर को बहाने से बुलाकर खेत पर बने कमरे में बंधक बनाया, और पूरी रात मारपीट की।
नीमच में मजदूर से अमानवीयता का मामला आया सामने, मजदूरी मांगने पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, तीन आरोपियों पर दर्ज हुआ केस

मध्य प्रदेश के नीमच जिले में मजदूरी के बकाया पैसे मांगने पर एक मजदूर के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। दरअसल जावद थाना क्षेत्र के रहने वाले सुरेश जाट ने आरोप लगाया है कि उसके पूर्व मालिक ने मजदूरी का भुगतान करने के बहाने उसे बुलाया और फिर अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसे बंधक बनाकर पूरी रात बेरहमी से पीटा। वहीं घटना के बाद घायल मजदूर को परिजनों ने आरोपियों के कब्जे से छुड़ाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दरअसल पीड़ित सुरेश जाट के अनुसार, वह पहले आरोपियों के यहां मजदूरी का काम करता था। काम पूरा होने के बाद उसकी कुछ मजदूरी बाकी रह गई थी। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। बाद में आरोपियों ने उसे फोन कर बकाया रकम देने का भरोसा दिलाया और मिलने के लिए बुलाया।

कमरे में पहले से मौजूद थे तीन आरोपी

वहीं मजदूर सुरेश का आरोप है कि जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा उसे जबरन खेत पर बने एक कमरे में ले जाया गया। वहां पहले से मौजूद तीनों आरोपियों ने उसे बाहर निकलने नहीं दिया और बंधक बना लिया। पीड़ित का कहना है कि उसके विरोध करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई और उसे लगातार धमकाया जाता रहा ताकि वह किसी से मदद न मांग सके।

पूरी रात की मारपीट की

वहीं शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने सुरेश जाट के साथ पूरी रात मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि उसे थ्रेशर मशीन की बेल्ट, लाठियों और अन्य वस्तुओं से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। उसने बताया कि मारपीट के दौरान उसे लगातार डराया-धमकाया गया और कहा गया कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

शुक्रवार सुबह जब सुरेश अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जानकारी मिलने पर वे खेत तक पहुंचे, जहां सुरेश घायल अवस्था में मिला। परिजनों ने उसे वहां से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पूरे मामले की शिकायत जावद थाने में दर्ज कराई गई। घटना की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि मजदूरी का भुगतान मांगना किसी भी श्रमिक का अधिकार है और इस तरह की घटना बेहद गंभीर है।

पुलिस ने तीन आरोपियों पर दर्ज किया केस

दरअसल शिकायत मिलने के बाद जावद थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान, मेडिकल परीक्षण और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews