नीमच: चाय की पैकिंग में मिली गड़बड़ी, इलायची की जगह छिलके का इस्तेमाल, खाद्य विभाग ने जब्त किया 1.38 लाख रुपये का माल

नीमच में खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘श्री टी कंपनी’ पर कार्रवाई करते हुए 55 किलो चाय और 14 किलो इलायची छिलका जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 1.38 लाख रुपये है। चाय और इलायची छिलके समेत चार सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं।
Neemuch News

नीमच: मध्यप्रदेश के नीमच जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए खाद्य कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अमानक और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर विकास नगर स्थित ‘श्री टी कंपनी’ में निरीक्षण करते हुए छापेमारी की गई।

बता दें कि ​खाद्य सुरक्षा टीम निरीक्षण के दौरान पाया कि चाय में असली इलायची की जगह इलायची के छिलकों का इस्तेमाल किया जा रहा था। मौके पर अलग-अलग पैकिंग में इलायची युक्त चाय बनाई और पैक की जा रही थी। जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से श्रीफल गोल्ड व श्रीफल इलायची चाय कंपनी की 55 किलाग्राम चाय और 14 किलोग्राम इलायची का छिलका जब्त किया है। जब्त किए गए माल की अनुमालिक कीमत करीब 1 लाख 38 हजार 500 रुपये बताई गई है।

सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजे

इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए चाय, श्रीफल गोल्ड चाय, श्रीफल इलायची चाय और इलायची छिलके के कुल चार नमूने लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर नोटिस

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रतिष्ठान संचालक को अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस थमया गया है। साथ ही संबंधित पक्ष से निश्चित अवधि में जवाब प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी तय

​खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, भोपाल प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अधिकारियों ने कहा कि जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नीमच से कमलेश सारडा की रिपोर्ट

Kamlesh Sarda
लेखक के बारे में
Kamlesh Sarda

30 वर्षों से रिपोर्टिंग; दैनिक भास्कर, बंसल न्यूज, पत्रिका और द सूत्र के साथ कार्य.

I'm reporter last 30 years I'm working with danik bhaskar, bansal news, patrika, the sootra, mp breaking news also View all posts by Kamlesh Sarda →
Follow Us :GoogleNews