सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल, जावद थाने से जब्त ट्रैक्टर गायब होने से भड़के ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

चक्काजाम कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि जब पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में रखा था तो वो गायब कैसे हो गया ?
Villagers stage a road blockade Jawad Neemuch

Villagers stage a road blockade Jawad Neemuch

नीमच में जावद-सुवाखेड़ा मार्ग पर बीती रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद आज सुबह जमकर हंगामा खड़ा हो गया। हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद पुलिस द्वारा जब्त किया गया दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर थाने से ही रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। इस लापरवाही से नाराज परिजनों और सुवाखेड़ा के ग्रामीणों ने थाने के बाहर और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर तहसीलदार और स्थानीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा पहुंचे और समझाइश शुरू की।

अंधेरे में खड़े ट्रैक्टर से हुई थी टक्कर

जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 8:10 बजे जावद-सुवाखेड़ा मार्ग पर हुआ। सुवाखेड़ा निवासी राहुल प्रजापत नामक युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी स्कूल के पास खड़े एक ट्रैक्टर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में राहुल की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर काले रंग के तिरपाल से ढका हुआ था, जिस पर न तो कोई लाइट चालू थी और न ही कोई रेडियम रिफ्लेक्टर लगा था। आरोप यह भी है कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और अंधेरे में वाहन रोककर खड़ा हो गया जो राहुल को दिखाई नहीं दिया और यह जानलेवा हादसा हो गया। घटना के बाद चालाक भाग गया ।

डायल 100 ने जब्त कर थाने पहुंचाया, सुबह गायब

हादसे की सूचना मिलने के बाद रात को डायल 100 मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर जावद थाने ले आई। लेकिन सुबह जब परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे, तो वहां से जब्त ट्रैक्टर गायब मिला। जब इस संबंध में पुलिसकर्मियों से सवाल किए गए, तो पुलिस ने कोई ठोस जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।

सीसीटीवी फुटेज और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

थाने से सीधे ट्रैक्टर गायब होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब वाहन को पुलिस अभिरक्षा में थाने में खड़ा किया गया था, तो वह रातों-रात कहां चला गया? ग्रामीणों ने थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और जिम्मेदार पुलिसकर्मियों व ट्रैक्टर चालक के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

तहसीलदार और विधायक ग्रामीणों के पास पहुंचे 

चक्काजाम की सूचना पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ओमप्रकाश सखलेचा भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों की बात सुनकर निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews