
Chief Minister Bhajan Lal Sharma
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार 10 जनवरी को जयपुर के शास्त्री नगर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे नव चयनित पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पुलिस अकादमी पहुंचे और अधिकारियों को जरुरी निर्देश दिए।
अमित शाह के दौरे की तैयारियां राजस्थान पुलिस अकादमी की ओर से पूरी कर ली गई है। बता दें हाल ही में 10 हजार पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती हुई है। अलग-अलग जिलों में चयनित हुए कांस्टेबलों को जयपुर बुलाया गया है। टॉपर्स को गृहमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे जबकि अन्य कांस्टेबलों को पुलिस अधिकारी नियुक्ति पत्र देंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तैयारियों का निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को राजस्थान पुलिस अकादमी पहुंचे। उन्होंने शनिवार को आयोजित होने वाले ‘आरक्षक नव नियुक्ति समारोह’ की तैयारियों का जायजा लिया, मुख्यमंत्री ने समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित पुलिस के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।
जोधपुर के कार्यक्रमों में होंगे शामिल
उल्लेखनीय है कि तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह शुक्रवार रात 10 बजकर 25 मिनट पर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे, एयरपोर्ट से वे 10 बजकर 40 मिनट पर बीएसएफ कैंप स्थित ऑफिसर्स मेस पहुंचेंगे जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन शनिवार 10 जनवरी को अमित शाह सुबह 11 बजकर 25 मिनट पर बीएसएफ कैंप से रवाना होकर जोधपुर के पोलिटेक्निक कॉलेज मैदान सुबह 11 बजकर 30 मिनट से दोपहर 1 बजे तक आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में वे भाग लेंगे यह कार्यक्रम माहेश्वरी समाज के महाधिवेशन और ग्लोबल एक्सपो से जुड़ा है।
नव आरक्षकों को नियुक्ति पत्र देंगे अमित शाह
जोधपुर कार्यक्रम के समापन के बाद अमित शाह दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान से वापस बीएसएफ कैंप पहुंचेंगे, यहां दोपहर 2 बजे तक उनका समय आरक्षित रहेगा, इसके बाद वे दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचकर 2 बजकर 20 मिनट पर जयपुर के लिए रवाना होंगे जहाँ 10 जनवरी को दोपहर 3 बजे राजस्थान पुलिस अकादमी में राज्य स्तरीय नव आरक्षक नियुक्ति समारोह में नियुक्ति पत्र बाटेंगे।
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

