बीकानेर में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री से डेढ़ लाख लीटर इंडस्ट्रियल ऑयल बरामद

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। बुधवार देर रात उन्होंने बीकानेर जिले के नापासर गांव में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की।
बीकानेर में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री से डेढ़ लाख लीटर इंडस्ट्रियल ऑयल बरामद

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। बुधवार देर रात उन्होंने बीकानेर जिले के नापासर गांव में एक फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। छापे के दौरान करीब डेढ़ लाख लीटर इंडस्ट्रियल ऑयल बरामद किया गया, वहीं फैक्ट्री में पलंग के नीचे रखे बॉक्स से 15 लाख रुपये नकद भी मिले। फैक्ट्री में बड़े-बड़े कंटेनर में भरा तेल मिलने के बाद प्रशासन ने मौके पर ही जांच शुरू कर दी।

किरोड़ी लाल मीणा की बड़ी कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक, मंत्री मीणा को नापासर में नकली बायो डीजल के अवैध स्टोरेज की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही उन्होंने संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा को टीम भेजने के निर्देश दिए और खुद भी मौके पर पहुंच गए। छापे के दौरान फैक्ट्री में कई ई-वे बिल भी मिले, जो सूरत, अहमदाबाद से लेकर दिल्ली और लुधियाना तक के शहरों के नाम पर बनाए गए थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह केमिकल सूरत से उत्तर भारत के कई शहरों तक भेजा जा रहा था।

फैक्ट्री संचालक केशव विजय ने दावा किया कि यह तेल औद्योगिक उपयोग के लिए तैयार किया जाता है, जिसका इस्तेमाल भुजिया फैक्ट्रियों में किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि बीकानेर में ऐसी कई फैक्ट्रियां चल रही हैं, जो इसी तरह का इंडस्ट्रियल ऑयल बनाती हैं। हालांकि, मंत्री मीणा ने मौके पर ही कहा कि अगर यह तेल नकली बायो डीजल के रूप में बेचा जा रहा है तो इसमें शामिल हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लगातार एक्शन में किरोड़ी लाल मीणा

यह पहला मौका नहीं है जब मंत्री मीणा ने इस तरह की कार्रवाई की हो। इससे पहले रविवार देर रात उन्होंने दौसा-भरतपुर सीमा के महवा इलाके में दाऊजी मिल्क फूड प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री पर छापा मारा था। यह कार्रवाई रात करीब 11:15 बजे शुरू हुई और तड़के 2:30 बजे तक चली। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में घी, मावा और दूध उत्पादों के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। मौके से पाम ऑयल के ड्रम और संदिग्ध खाद्य उत्पाद बरामद हुए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से सभी संदिग्ध सैंपल लेकर उन्हें प्रयोगशाला भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है। मंत्री मीणा ने कहा कि “खाद्य मिलावट और अवैध व्यापार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।” जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews