राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026: सीएम भजनलाल शर्मा ने की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात, कहा- ‘राज्य को तकनीकी क्षेत्र में बनाएंगे ग्लोबल लीडर’

राजस्थान की राजधानी जयपुर एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में 04 जनवरी 2026 से राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026 का शुभारंभ हो गया। इस वैश्विक आयोजन का उद्घाटन राजस्थान के आईटी मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया।
Rajasthan CM Bhajan Lal Sharma

राजस्थान की राजधानी जयपुर एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में 04 जनवरी 2026 से राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026 का शुभारंभ हो गया। इस वैश्विक आयोजन का उद्घाटन राजस्थान के आईटी मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया। समिट का मुख्य उद्देश्य राजस्थान को नवाचार, टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप हब के रूप में वैश्विक पहचान दिलाना है।

समिट से पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट-2026 में आमंत्रित कंपनियों के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग निवेशकों का राजस्थान में विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यहां की अनमोल मिट्टी में निवेश करने से आत्मसंतुष्टि की अनुभूति भी होती है। राजस्थान को तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में ग्लोबल लीडर बनाएंगे।

निवेशकों के साथ खड़ी राजस्थान सरकार

मुख्यमंत्री ने निवेशकों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में राजस्थान आएं, राज्य सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को निवेशकों के साथ निरंतर संपर्क स्थापित करते हुए उनके सुझाव और आवश्यकताओं पर त्वरित कार्य करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने राजीविका की महिलाओं को स्टार्टअप्स से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को केंद्र में रखते हुए नीतियों का निर्माण कर रही है। इसी कड़ी में राजस्थान ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी, राजस्थान डेटा सेंटर पॉलिसी, राजस्थान एआई एमएल पॉलिसी जैसी प्रमुख नीतियां लाई गई है। ये नीतियां राजस्थान को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में हब बनाएगी।

उल्लेखनीय है कि जयपुर के जेईसीसी में 4 जनवरी से तीन दिवसीय राजस्थान डिजिफेस्ट टाई ग्लोबल समिट का शुभारंभ हो चुका है। इस डिजिफेस्ट में 10 हजार से अधिक प्रतिभागी, 500 से अधिक निवेशक और 300 प्रदर्शक शामिल हो रहे हैं। यह सम्मेलन स्टार्टअप्स और विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डिजिटल क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों से परिचित करवाने के साथ ही ग्लोबल मेंटर्स से मार्गदर्शन प्राप्त करने और दुनिया भर के बड़े उद्योगपतियों और निवेशकों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews