रतलाम-गोधरा रेल लाइन पर मालगाड़ी बेपटरी, दिल्ली-मुंबई रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

रतलाम रेल मंडल में दाहोद के पास मंगलमोड़ी और जैकोट स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। इस हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग की अप और डाउन दोनों लाइनें बंद हो गई हैं।
रतलाम-गोधरा रेल लाइन

मध्य प्रदेश के रतलाम रेल मंडल से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां दाहोद के पास सोमवार शाम को अचानक एक मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से नीचे उतर गया, जिससे हड़कंप मच गया।

दरअसल यह पूरा हादसा शाम 7:27 बजे मंगलमोड़ी और जैकोट स्टेशनों के बीच हुआ। हादसे के तुरंत बाद मुख्य ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन पूरी तरह से रोक दिया गया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके।

दिल्ली-मुंबई रेल रूट पूरी तरह ठप

इस हादसे की वजह से देश के सबसे व्यस्त दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग की अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का चलना एकदम बंद हो गया है।

इस रूट से गुजरने वाली कई यात्री और एक्सप्रेस ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर इमरजेंसी में रोकना पड़ा। अचानक ट्रेनें रुकने से सफर कर रहे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

रतलाम कंट्रोल रूम में बजा सायरन, राहत ट्रेन तुरंत मौके पर रवाना

हादसे की खबर मिलते ही रतलाम रेलवे के कंट्रोल रूम में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत दुर्घटना का सायरन बजाकर सभी कर्मचारियों को अलर्ट किया गया।

सायरन बजते ही रेलवे की एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन यानी राहत गाड़ी को बिना कोई देर किए रतलाम स्टेशन से सीधे हादसे वाली जगह के लिए रवाना कर दिया गया, ताकि राहत काम शुरू हो सके।

गोधरा से रतलाम आ रही थी ट्रेन

शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह मालगाड़ी गुजरात के गोधरा से रतलाम की तरफ आ रही थी, तभी रास्ते में अचानक यह बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन के इंजन से तीसरा डिब्बा डाउन लाइन पर अचानक पटरी से नीचे उतर गया। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे के बाद मालगाड़ी के चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी।

Bhawna Choubey
लेखक के बारे में
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ समाज तक पहुंचाने का माध्यम है। तथ्यों की पड़ताल, महत्वपूर्ण मुद्दों को समझना और निष्पक्ष खबरों के जरिए लोगों की आवाज़ बनना मेरी पत्रकारिता की पहचान है। View all posts by Bhawna Choubey →
Follow Us :GoogleNews