त्योहारी सीजन नजदीक आते ही खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग भी एक्शन मोड में आ गया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार जांच और छापेमारी कर मिलावटी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। ताजा मामला रतलाम जिले से सामने आया है जहां विभाग की टीम ने भारी मात्रा में मावा जब्त किया है।
बता दें कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन रतलाम की टीम ने अचानक जावरा पहुंचकर खाचरौद नाका स्थित महावीर मावा भंडार का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मावे में मिलावट की आशंका के चलते टीम ने मावे के सैंपल लिए और करीब 100 किलो मावा जब्त किया। जब्त मावे की अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है।
कलाकंद और सेव नमकीन के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन, कोठी बाजार जावरा का भी निरीक्षण किया। यहां प्रोपराइटर भवानी सिंह पिता गोवर्धन सिंह राजपुरोहित की दुकान से कलाकंद और सेव नमकीन के सैंपल लिए गए। टीम ने संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने के साथ ही प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों से कुल चार खाद्य सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से कुल चार खाद्य सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जावरा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाही, 100 किलो मावा जब्त
महावीर मावा भंडार से दो तथा राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन से कलाकंद एवं सेव नमकीन के नमूने लिए#jansampark #ratlam pic.twitter.com/1FvzrkRv7T
— PRO JS Ratlam (@projsratlam) August 21, 2026





