ऐसी है सरकारी अस्पताल की बदहाली, चूहों ने कुतर डाले मरीज के पैर

ratlam-news-rats-bite-patient-foot-in-government-hospital-admitted-in-icu-

रतलाम| मध्य प्रदेश में सरकारी अस्पतालों की बदहाली, बेरुखी और डाक्टरों के अमानवीय व्यवहार की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं। अब राज्य के रतलाम से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीज के पैर का पंजा चूहे कुतर गए। मामला सामने आने के बाद अब जिम्मेदार अपनी सफाई दे रहे हैं और कह रहे हैं कि दो दिन पहले ही अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल कराया गया है| लेकिन बारिश की वजह से चूहे पूरी तरह से खत्म नहीं हुए हैं| 

जानकारी के मुताबिक जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 27 साल के सूरजसिंह भाटी के पैर का पंजा चूहे कुतर गए। सूरज 2 माह 28 दिन से कोमा में है। घटना सोमवार सुबह 4 से 7 बजे के बीच की है। सूरज का 8 मई को बाइक से रिंगनोद जाते वक्त एक्सीडेंट हो गया था। यहां 29 मई से उनका इलाज चल रहा है। मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन आनंद चंदेलकर का कहना है कि दो दिन पहले ही अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल कराया गया है| लेकिन बारिश की वजह से चूहे पूरी तरह से खत्म नहीं हुए हैं. गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के कारण चूहे अस्पताल के वार्ड की तरफ भागने लगे हैं|   

उन्होंने कहा कि जिस मरीज के साथ यह घटना घटी है उसकी देखभाल की जा रही है, मरीज को एयर बेड मुहैया कराया गया है| वहीं उन्होंने कहा कि अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल कराने के लिए टेंडर निकाल दिया गया है|  बता दें कि इससे पहले भी जावरा के पोस्टमार्टम रूम में एक आदमी के शव को चूहों ने कुतर दिए थे. तब उस घटना के बाद स्वास्थ्य महकमे की जमकर किरकिरी हुई थी|

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews