
Rewa News : मध्यप्रदेश के रीवा में एक कैदी की मौत का मामला सामने आया है। दरअसल, आज सुबह वृद्ध कैदी की तबियत अचानक से बिगड़ गई थी। जिसके बाद उसे संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों द्वारा उसका मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, कैदी की मौत के बाद एसजीएमएच की मर्चुरी में शव रखवा दिया गया है और पुलिस कस्टडी के बीच शहडोल में शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बेटे को लाया जाएगा बाहर
वहीं, जेल प्रबंधन ने रीवा कलेक्टर व शहडोल कलेक्टर से इस मामले में बात की है। ऐसे में शनिवार की दोपहर रीवा केन्द्रीय जेल में बंद मृतक के बेटे को बाहर लाया जाएगा। जेल मैनुअल का पालन करते हुए जेल प्रबंधन ने परिवार के सदस्यों एवं रिश्तेदारों से संपर्क किया। पर कोई सामने नहीं आया है। अंत में जेल मुख्यालय की परमीशन के बाद जिला कलेक्टर को पत्राचार कर अंतिम संस्कार की व्यवस्था बनाई गई है।
हत्या के मामले में मिली थी सजा
मामले को लेकर जेल अधीक्षक एसके उपाध्याय ने बताया कि गोविंद प्रसाद चौधरी की तबियत खराब होने से मौत हो गई थी। वह वर्ष 2019 में जिला जेल शहडोल से रीवा केन्द्रीय जेल शिफ्ट किया गया था। दरअसल, शहडोल कोर्ट ने हत्या के मामले में परिवार के 8 सदस्यों को सजा सुनाई थी। ऐसे में ज्यादातर सदस्य जेल के सजायाफ्ता कैदी है। बता दें रीवा जेल में मृतक वृद्ध की पत्नी और पुत्र भी बंद है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

