
Satna Crime News : मध्यप्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वो पुलिस थानों तक में वारदात करने से नहीं हिचक रहे हैं। पिछले महीने मऊगंज में पुलिस पार्टी पर हुए हमले के बाद अब सतना जिले के जैतवारा थाने में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक नकाबपोश बदमाश थाने की बैरक में घुस आया और ड्यूटी से लौटे प्रधान आरक्षक को गोली मार दी।
इस सनसनीख़ेज़ घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के सतना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
पुलिसकर्मी को मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, जैतवारा थाने के मुंशी प्रिंस गर्ग ड्यूटी खत्म कर बैरक में भोजन करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रात लगभग बारह बजे एक नकाबपोश युवक बैरक में घुसा और कट्टे से गोली चला दी। गोली प्रिंस गर्ग के कंधे में लगी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल सतना जिला अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
आरोपी फरार, तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में मेहुती गांव निवासी अच्छू गौतम पर हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सतना एसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित कर रवाना कर दी हैं। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बढ़ते अपराध और पुलिस बल पर हो रहे हमले दर्शाते हैं कि अपराधियों के मन से पुलिस और प्रशासन का खौफ तेजी से कम होता जा रहा है।
सतना से मो. फारुकी की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”1079659014″]
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

