शहडोल में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 8.71 लाख रुपये की नकली करेंसी के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

शहडोल पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500 और 200 रुपये के कुल 1,803 नकली नोट बरामद हुए हैं जिनकी कीमत 8 लाख 71 हजार 700 रुपये है।
Shahdol News

शहडोल: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के खैरहा थाना अंतर्गत पुलिस ने 8 लाख 71 हजार रुपये से अधिक की नकली करेंसी को जब्त किया है। साथ ही पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को भी दबोचा है। खबर है कि आरोपी यह नकली करेंसी दीपावली त्योहार के चलते बाजार में खपाने की फिराक में थे लेकिन इससे पहले कि यह आरोपी नकली नोट बाजारों में उतारते, पुलिस ने इनके मंसूबों पर ही पानी फेर दिया।

बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपी छिरहटी गांव में नकली नोट छाप रहे थे। आरोपियों ने इन नकली नोटों को बाजार में चलाने की तैयारी कर ली थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने यूट्यूब से नकली नोट छापने का तरीका सीखा और प्रिंटर की मदद से 500 और 200 रुपये के नकली नोट तैयार किये थे। पुलिस ने नोट छापने में इस्तेमाल किया जा रहा प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छिरहटी गांव की एक दुकान पर कुछ लोग नकली भारतीय नोट लेकिन मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और आरोपियों को दबोचने की योजना तैयार की। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुये पांच संदिग्धों को दबोचा और उनकी तलाशी ली। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद हुये।

आरोपियों से 8.71 लाख रुपये के नकली नोट बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के 1,702 और 200 रुपये के 101 नकली नोट बरामद किए हैं। इस तरह कुल 1,803 नकली नोट जब्त किए गए हैं जिनकी कीमत 8 लाख 71 हजार 700 रुपये बताई गई है। बड़ी संख्या में नकली नोट मिलने से आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने इन्हें बाजार में खपाने की तैयारी की थी। हालांकि, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नकली नोट कहां छापे जा रहे थे और किन इलाकों में इनकी सप्लाई की जानी थी।

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड अरविंद सिंह निवासी अर्जुली है। बताया जा रहा है कि अरविंद ने यूट्यूब से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा और अपनी दुकान में कलर प्रिंटर की मदद से 500 और 200 रुपये के नकली नोट छापने शुरू कर दिए। इस काम में उसका दोस्त शरद सिंह मरावी निवासी नागूला, राजेंद्रग्राम भी शामिल था। आरोप है कि दोनों मिलकर नकली करेंसी तैयार कर रहे थे। वहीं, मनीष कुमार, अनिल कुमार और नन्हे सिंह मरकाम नकली नोट खरीदने के लिए मौके पर पहुंचे थे।

पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

इस कार्रवाई में जिन पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है उनके नाम भी सामने आ गये हैं। आरोपियों में अरविंद सिंह (28) निवासी शहडोल, मनीष कुमार सिंह (33) निवासी डिंडौरी, अनिल कुमार उरैती (36) निवासी लालपुर, थाना गाड़ासरई, नहने सिंह मरकाम (54) और शरद सिंह मरावी (34), दोनों निवासी बोंदर, थाना गाड़ासरई, जिला डिंडौरी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews