थाने के सामने नपाध्यक्ष को CMO और कर्मचारियों ने पीटा, वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

In-front-of-the-police-station

श्योपुर।

मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में नगर पालिका अध्यक्ष के साथ सीएमओ और कर्मचारियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है।  घटना मंगलवार की शाम थाने के सामने हुई। बताया जा रहा है कि नपाध्यक्ष और भाजपा नेता दौलतराम गुप्ता ने सीएमओ ताराचंद धूलिया और नगरपालिका कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो भी बनाया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होते ही पूरे शहर में हड़कंप की स्थिति है। इस मामले में कोई अधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है।

जानकारी के अनुसार, नपा के दो कर्मचारी सब इंजीनियर विकास व प्रभारी लेखाधिकारी पुष्पेंद्र अहिरवार सोमवार शाम अचानक गायब हो गए थे। मंगलवार को सीएमओ ने नपा कर्मचारियों के साथ शाम 4 बजे एसडीएम प्रेमसिंह चौहान व एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह को आवेदन देकर नपाध्यक्ष पर दोनों कर्मचारियों को डराने-धमकाने व मारपीट करने का आरोप लगाया। इसके बाद सीएमओ व नपा कर्मचारी कोतवाली में शाम 7 बजे आवेदन देकर बाहर आए तो सामने ही 50 मीटर दूर स्थित दुकान पर बैठे नपाध्यक्ष के पास पहुंच गए। यहां पहले दोनों के बीच बातचीत हुई। इसी दौरान सीएमओ व कर्मचारियों ने अध्यक्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी। अध्यक्ष दुकान के अंदर घुसे तो कर्मचारी भी अंदर घुस गए और मारपीट करते रहे। घटना के बाद दौलतराम गुप्ता के समर्थकों ने थाने का घेराव भी किया।

एक दूसरे पर करवाया मामला दर्ज

घटना के बाद पुलिस ने नपाध्यक्ष गुप्ता का जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया। मारपीट की घटना के बाद अध्यक्ष दौलतराम गुप्ता ने थाने पहुंचकर सीएमओ ताराचंद्र धूलिया, बल्लू, विजय सहित 35 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। वहीं ताराचंद्र धूलिया भी नगर पालिका के 50-60 सफाईकर्मियों के साथ हरिजन थाने पहुंच गए और अध्यक्ष सहित अन्य 10-12 अन्य लोगों के खिलाफ जातिगत गालियां देने व धमकाने का केस दर्ज कराया। 

Mp Breaking News
लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews