अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 17 मालवाहक वाहन जब्त, सड़क दुर्घटना से खुलासा

परिवहन विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में झींगुरदह माइंस सहित जिले के सभी संवेदनशील मार्गों पर नियमित चेकिंग, मोबाइल पेट्रोलिंग और विशेष दस्तावेज सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे।
Action against illegal mineral transportation in Singrauli

Action against illegal mineral transportation in Singrauli

सिंगरौली जिले में सड़क सुरक्षा और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ परिवहन विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। झींगुरदह माइंस क्षेत्र में रोड सेफ्टी इनफोर्समेंट चेक पॉइंट यूनिट द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में अवैध खनिज परिवहन के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करते हुए खनिज परिवहन में लगे 17 मालवाहक वाहनों को एक साथ जब्त किया गया।

सड़क दुर्घटना से हुआ बड़ा खुलासा

पूरा मामला 16 दिसंबर का है, जब झींगुरदह माइंस क्षेत्र के पास एक बाइक और ट्रिप टेलर के बीच गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवहन विभाग की चेक पॉइंट यूनिट मौके पर पहुंची और रोड सेफ्टी प्रोटोकॉल के तहत निरीक्षण शुरू किया। जांच के दौरान सामने आया कि दुर्घटना के पीछे ओवरलोडिंग, असंतुलित वाहन संचालन और नियम विरुद्ध खनिज परिवहन अहम कारण थे। इसी दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनिज परिवहन की जानकारी विभाग को दी। इसके बाद परिवहन विभाग ने पूरे इलाके में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया।

जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं

जांच के दौरान सामने आया कि कई मालवाहक वाहन बिना पंजीकरण, बिना परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र और बीमा के संचालित हो रहे थे। अधिकांश वाहन निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक ओवरलोड थे और कर चोरी भी कर रहे थे। कई चालकों ने जांच के दौरान सहयोग नहीं किया और कुछ वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अवैध खनिज परिवहन लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा था।

लगभग 14 घंटे चला संयुक्त अभियान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवहन विभाग ने तत्काल खनिज विभाग को सूचना दी। इसके बाद परिवहन विभाग, खनिज विभाग, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सुबह 10 बजे से देर रात 11 बजे तक करीब 13 से 14 घंटे का सघन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों के विरुद्ध संचालित कुल 17 मालवाहक वाहनों को मौके पर ही जब्त कर मोरवा थाना में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया।

कानूनी कार्रवाई और आगे की तैयारी

जब्त वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत बिना पंजीकरण, बिना परमिट, बिना फिटनेस, बिना बीमा, ओवरलोडिंग और कर चोरी जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन एवं परिवहन नियमों के तहत अलग से वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। फरार चालकों की पहचान कर सूची पुलिस को सौंपी गई है और दुर्घटना मामले की जांच भी जारी है।

परिवहन विभाग की सख्त चेतावनी

परिवहन विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में झींगुरदह माइंस सहित जिले के सभी संवेदनशील मार्गों पर नियमित चेकिंग, मोबाइल पेट्रोलिंग और विशेष दस्तावेज सत्यापन अभियान चलाए जाएंगे। बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन स्वामियों के परमिट निरस्तीकरण और ब्लैकलिस्टिंग की भी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की दो टूक सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा 

परिवहन विभाग ने दो टूक कहा है कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध, ओवरलोड और बिना दस्तावेज चलने वाले वाहनों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई को सड़क सुरक्षा, आम नागरिकों की जान की रक्षा और शासकीय राजस्व संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews