नशे के अवैध कारोबार पर सिंगरौली पुलिस का बड़ा प्रहार, स्कूल टॉयलेट से 18 लाख रुपये से अधिक का गांजा, 50 हजार रुपये से अधिक की शराब जब्त

सिंगरौली पुलिस ने 91 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया है जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 35 हजार 800 रुपए बताई गई है, वहीं 93 लीटर अवैध शराब भी बरामद की है जिसकी अनुमानित कीमत 51 हजार 110 रुपए बताई गई है।
Singrauli Police seized illegal ganja

Singrauli Police seized illegal ganja

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मकरोहर क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा और अवैध शराब बरामद की है। संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई में 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और दो कारें जब्त की गईं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए गए हैं। खास बात ये है कि नशे का ये पूरा माल एक सरकारी स्कूल के टॉयलेट में छिपाकर रखा गया था, पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ करेगी।

स्कूल टॉयलेट में छिपकर रखा गांजा 

पुलिस अधीक्षक शियाज के एम के अनुसार मकरोहर क्षेत्र में गांजा और शराब के भंडारण एवं बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जब एक घर पर दबिश दी तो कार्रवाई के दौरान उसके पास स्थित एक शासकीय स्कूल के टॉयलेट से 91 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 35 हजार 800 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से भूपेन्द्र सिंह और सुशील सिंह निवासी ग्राम मकरोहर को गिरफ्तार किया। जबकि उनके दो साथी भाग गए।

93 लीटर अवैध शराब भी जब्त

गांजे के साथ पुलिस ने 93 लीटर अवैध शराब भी बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 51 हजार 110 रुपए बताई गई है। पुलिस अब शराब और गांजे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

तस्करी में इस्तेमाल दो कारें जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान होंडा कार क्रमांक WB06A5526 और टाटा कार क्रमांक UP64U7303 भी जब्त की हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत छह लाख रुपए बताई गई है। गांजा, शराब और वाहनों समेत पुलिस ने कुल 24 लाख 86 हजार 910 रुपए का मशरूका जब्त किया है।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक शियाज केएम स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए सभी संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले में फरार दो आरोपियों की तलाश जारी है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews