MP में चोरी हो गई 16 लाख 33 हजार रुपये से बनी नाली! तलाश में जुटा प्रशासन

सिंगरौली में भ्रष्टाचार के एक अजीब मामला सामने आया है इसमें नगर निगम के अधिकारियों ने ठेकेदार से सांठ गांठ कर नाली निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का गोलमाल किया है, नगर निगम आयुक्त ने मामले की जाँच की बात कही है
Ajab-Place MP

Singrauli News : आपने चोरी की ख़बरें बहुत सुनी और पढ़ी होंगी, लेकिन हम आज आपको एक ऐसी चोरी की खबर बताने जा रहे हैं जो ना सिर्फ आपको हैरान कर देगी बल्कि आपको इसपर विश्वास करना थोड मुश्किल भी होगा, जी हाँ ये खबर है लाखों रुपये कीमत से बनी एक नाली की चोरी का।

आपने सही पढ़ा, ये खबर नाली चोरी की है जिसपर प्रशासन ने कई लाख रुपये खर्च किये है, अब आपको विस्तार से बताते हैं, मामला सिंगरौली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 36 का है जहाँ दिनेश प्रताप सिंह हाउस से दिनेश प्रसाद के घर जयनगर सड़क तक बनी नाली चोरी हो गई है। नाली की तलाश में नगर निगम अमला कवायद कर रहा है। नाली के चोरी होने से हर कोई भौचक्का है और यह मामला अब काफी गंभीर बनता जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 36 स्थित दिनेश प्रताप सिंह हाउस से दिनेश प्रसाद के घर जयनगर सड़क तक नाली निर्माण के लिए 4 अगस्त 2023 को टेंडर हुआ था। जिसकी कुल लागत करीब 18 लाख 72 हजार रुपये थी। करीब 26 प्रतिशत एसओआर था। नाली का वर्क ऑर्डर महाकाल ब्रदर्स जयनगर के नाम से हुआ।

अफसरों ने सत्यापन किया, भुगतान भी हो गया 

ठेकेदार ने नाली बना दी, कार्य का मूल्यांकन हुआ, उपयंत्री ने माप पुस्तिका में दर्ज किया और उसकी सत्यापन प्रक्रिया भी पूर्ण की। यहां तक कि संबंधित तकनीकी स्टाफ ने नाली के सामने खड़े होकर फोटो भी खिंचवाया, गुणवत्तायुक्त नाली का निर्माण को प्रमाणित करने के बाद 4 मार्च 2024 को भुगतान भी कर दिया गया है।

जहाँ बताया नाली का निर्माण वहां से गायब मिली 

लेकिन जब इसकी जानकारी नगर निगम के आला अधिकारियों को हुई तो स्थल का निरीक्षण किया। जहां मौके से नाली गायब मिली। जी हाँ जहाँ नाली का निर्माण होना बताया वहां नहीं ही नहीं थी जो अब चर्चा का विषय है, लोग कह रहे हैं नगर निगम की 16 लाख 33 हजार रुपये लागत से बनी नाली चोरी हो गई है।

नगर निगम आयुक्त ने कही जाँच की बात 

भ्रष्टाचार का ये अनोखा खेल सामने आने के बाद इस संबंध में  जब मीडिया ने नगर निगम आयुक्त डीके शर्मा से जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि मामला मेरे संज्ञान में आया है। जांच कराई जा रही है और हो सकता है कि इसके लिए पुलिस की मदद ली जाएगी। बहरहाल इसे देखकर अब कहने में गुरेज नहीं है कि वाकई में एमपी गजब है।

सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews